Damoh News: खेत से लौट रहे वृद्ध की सड़क हादसे में मौत, एक दिन से थे लापता; शव परिजनों को सौंपा
दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के इमलिया माला के पास सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मिले एक वृद्ध की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 60 वर्षीय चंदन सिंह निवासी गुलौदा, थाना इंद्राना, जिला जबलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार चंदन सिंह शुक्रवार को अपने गांव से पौड़ी क्षेत्र स्थित खेत पर जुताई कार्य कराने के लिए निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पढ़ें:सांसद व पूर्व मंत्री की मौजूदगी में भिड़े नेता, फीकी पड़ी उपलब्धियां शनिवार दोपहर इमलिया माला के पास सड़क किनारे खाई में एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल दमोह पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे रंजीत सिंह ने आशंका जताई है कि उनके पिता की बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी होगी, जिससे वह सड़क से नीचे खाई में जा गिरे। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। सूचना मिलने पर नोहटा थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 14:19 IST
Damoh News: खेत से लौट रहे वृद्ध की सड़क हादसे में मौत, एक दिन से थे लापता; शव परिजनों को सौंपा #CityStates #Damoh #MadhyaPradesh #DamohViralNews #DamohHindiNews #DamohLatestNews #DamohNews #SubahSamachar
