दिल्ली बेहाल नारा पूरी तरह फ्लॉप शो : वीरेन्द्र सचदेवा
नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आम आदमी पार्टी के नए नारे दिल्ली बेहाल, याद आए केजरीवाल को पूरी तरह फ्लॉप शो करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह नारा जनता को गुमराह करने का प्रयास है, जबकि पिछले 11 वर्षों में अरविंद केजरीवाल की सरकार दिल्ली की सड़कों, परिवहन इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण, सीवर व्यवस्था और राशनकार्ड प्रणाली को बदहाल स्थिति में छोड़कर गई। सचदेवा ने कहा कि भाजपा की सरकार ने अपने पहले वर्ष में ही बुनियादी सुविधाओं को पटरी पर लाने की दिशा में ठोस काम शुरू किया है। उन्होंने दावा किया कि सीवर और सड़कों की स्थिति में सुधार हुआ है तथा पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। फर्जी राशनकार्ड रद्द कर वास्तविक जरूरतमंदों को लाभ दिलाने की दिशा में भी नीतिगत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार ने एक वर्ष के भीतर 2000 इलेक्ट्रिक बसें दिल्लीवासियों को दी हैं। इसके साथ ही गरीब महिलाओं को होली और दिवाली पर मुफ्त गैस सिलिंडर, पिंक बस कार्ड तथा मातृत्व योजना की राशि में वृद्धि जैसे कदम उठाए गए हैं, जिससे प्रधानमंत्री की एक और गारंटी पूरी हुई है। ब्यूरो
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 15:33 IST
दिल्ली बेहाल नारा पूरी तरह फ्लॉप शो : वीरेन्द्र सचदेवा #DelhiBehaalSloganIsACompleteFlopShow:VirendraSachdeva #SubahSamachar
