दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे: समृद्धि से जुड़ी मोदी की गारंटी, कहा- कॉरिडोर राष्ट्र की भाग्य रेखाएं, बदलेंगे भविष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को देहरादून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात देते हुए कहा कि ये हाईवे, सड़कें, एक्सप्रेसवे और कॉरिडोर हमारे राष्ट्र की भाग्य रेखाएं हैं, ये भविष्य की सूरत बदल देंगे। ये आने वाली पीढ़ियों की समृद्धि की गारंटी हैं, ये मोदी की भी गारंटी हैं। मंगलवार को पीएम मोदी ने मां डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना के बाद देहरादून में 12 किमी का रोड शो किया। फिर गढ़ी कैंट स्थित शहीद जसवंत सिंह सेना मैदान में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। सबसे पहले बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और फिर बटन दबाकर देश को 213 किमी के 11,963 करोड़ की लागत से तैयार हुए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर की सौगात दी। लोकार्पण कार्यक्रम में जहां सीएम पुष्कर सिंह धामी पीएम के साथ मंच पर ही मौजूद थे, वहीं गणेशपुर से यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और दिल्ली से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता वर्चुअल माध्यम से जुड़े थे। पीएम ने कहा कि भविष्य की दशा और दिशा क्या होगी, इसके लिए अक्सर लोग हाथ की रेखाएं दिखाते हैं। अगर इसी संदर्भ को राष्ट्र जीवन से जोड़कर देखूं तो राष्ट्र की भाग्य रेखाएं हमारी सड़कें होती हैं। हमारे हाईवे, एक्सप्रेसवे, रेलवे, वाटरवे ये हमारे राष्ट्र की भाग्य रेखाएं होती हैं। ये रेखाएं सिर्फ आज की सुविधा नहीं है। ये आने वाली पीढि़यों की समृद्धि की गारंटी हैं, ये मोदी की भी गारंटी हैं। गडकरी बोले, अभी बहुत कुछ है पिटारे में केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर उत्तराखंड के विकास को नई गति देगा। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण करना है, जो इस परियोजना में किया गया। गडकरी साफ कर गए कि उनके पिटारे में अभी बहुत कुछ है। उन्होंने कहा, केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में करीब एक लाख 30 हजार करोड़ की परियोजना स्वीकृत हुई हैं। इसमें 25 हजार करोड़ के काम पूरे किए गए। 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 80 हजार करोड़ की परियोजना की डीपीआर बनाई जा रही है। सहारनपुर बाईपास से हरिद्वार तक 51 किलोमीटर छह लेन सड़क का उद्घाटन इसी साल जून में होगा। 1600 करोड़ की लागत से हरिद्वार में फोरलेन ग्रीन फील्ड बाईपास फेज-एक अक्तूबर 2026 तक पूरा हो जाएगा। केंद्र ने 1100 करोड़ की लागत से ऋषिकेश बाईपास परियोजना को भी मंजूरी प्रदान कर दी है, इस पर अगस्त तक काम शुरू होगा। 1050 करोड़ से 21 किमी. लंबा रुद्रपुर में फोरलेन बाईपास अक्तूबर व 936 करोड़ की लागत से 15 किमी. लंबा काशीपुर से फोरलेन बाईपास दिसंबर में पूरा होगा। जौलीग्रांट से ऋषिकेश तक फोरलेन मार्ग अप्रैल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। ब्यूरो दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे विकास व आस्था का नया संगम : मुख्यमंत्री दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देहरादून में किया। इस अवसर पर राजधानी के गांधी नगर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा समेत अन्य मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए और देहरादून के कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े। उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह परियोजना राजधानी और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से न केवल यात्रा का समय घटेगा बल्कि आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। यह विकास और आस्था का नया संगम है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली की जरूरतों को समझते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं पूरी हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ओर से परिवहन मंत्रालय के तहत दिल्ली में करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये के काम चल रहे हैं। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को दूरी कम करने वाला प्रोजेक्ट नहीं बल्कि दिल्ली की आधुनिकता को देवभूमि की आध्यात्मिकता से जोड़ने वाला सेतु बताया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 15, 2026, 02:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे: समृद्धि से जुड़ी मोदी की गारंटी, कहा- कॉरिडोर राष्ट्र की भाग्य रेखाएं, बदलेंगे भविष्य #CityStates #Dehradun #Delhi-doonExpressway #PmModi #SubahSamachar