Gorakhpur News: त्योहार पर जाम से निपटने के लिए घोष कंपनी से रेती रोड तक वन-वे की मांग
- व्यापारी सुरक्षा बैठक में उठे यातायात, अतिक्रमण और पुलिस पिकेट के मुद्दे- सिनेमा रोड पर चारपहिया वाहनों का रास्ता बंद करने से व्यापार प्रभावित होने की जताई चिंतासंवाद न्यूज एजेंसी गोरखपुर। पुलिस लाइंस में शनिवार को एसपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा बैठक हुई। इसमें विभिन्न व्यापार मंडलों के प्रतिनिधियों ने यातायात, अतिक्रमण, पुलिस पिकेट और व्यापारियों की समस्याएं उठाईं। पूर्व में की गई शिकायतों पर कार्रवाई की स्थिति की भी समीक्षा की गई। समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन कुमार जायसवाल ने सिनेमा रोड पर गणेश चौक से पहले चारपहिया वाहनों का रास्ता फिर बंद किए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे चौराहे और बेयरिंग गली का कारोबार प्रभावित हो रहा है। संकरी गली में जाम लगने से मोहद्दीपुर और गोलघर जाने वाले लोगों को भी लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।गोरखपुर इलेक्ट्रिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव रस्तोगी और महामंत्री पदम अग्रवाल ने दिवाली के तीन दिनों तक घोष कंपनी से रेती रोड तक जाम रोकने के लिए वनवे व्यवस्था लागू करने की मांग की। ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष सिंह और रुस्तमपुर व्यापार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित टिबरेवाल ने डिवाइडर में कट खोलने के लिए आभार जताया। साथ ही कुछ अन्य स्थानों पर कट बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा कट पर वाहन खड़े कर दिए जाने से रास्ता बाधित हो रहा है।राप्ती कॉम्प्लेक्स के अध्यक्ष उपेंद्र श्रीवास्तव और संरक्षक विनोद राव ने वहां पुलिस पिकेट स्थापित करने और कॉम्प्लेक्स के सामने से अतिक्रमण हटाने की मांग पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। रुस्तमपुर में अतिक्रमण करने वाले ठेले-खोमचे वालों को दूसरी जगह बसाने की मांग की गई। बैठक में मेराज अहमद ने रेती चौक पर पुलिस पिकेट लगाने और जाम की समस्या उठाई। आशीष शर्मा और संजय सिंघानिया ने व्यापारियों से जुड़े बकाया भुगतान की शिकायत भी दर्ज कराई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 03:09 IST
Gorakhpur News: त्योहार पर जाम से निपटने के लिए घोष कंपनी से रेती रोड तक वन-वे की मांग #DemandForAOne-wayTrafficSystemFromGhoshCompanyToRetiRoadToTackleCongestionDuringTheFestiveSeason #SubahSamachar
