Panipat News: चकबंदी कार्य रुकवाने की उठाई मांग

समालखा। हथवाला गांव के ग्रामीण राजस्व विभाग द्वारा देह शामलात भूमि की चकबंदी करने का कार्य रुकवाने की मांग के लिए आगे आ गए हैं। ग्रामीण सोमवार को विधायक मनमोहन भड़ाना के आवास पर पहुंचे और चकबंदी प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाने की मांग की। विधायक की अनुपस्थिति में किसानों ने उनके प्रतिनिधि विजय शेखर से मुलाकात कर अपनी समस्याएं विस्तार से रखी। एडवोकेट रामदिया त्यागी के नेतृत्व में विधायक आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांव में पिछले 20 वर्ष से जमाबंदी का कार्य लंबित है और करीब आठ हजार एंट्री अपडेट नहीं की हैं। इससे उन्हें लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लंबित जमाबंदी पूरी की जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में चकबंदी के दौरान भ्रष्टाचार किया गया था। अधिकारियों ने कुछ प्रभावशाली लोगों को लाभ पहुंचाकर गलत बंटवारा किया है। इससे अधिकांश ग्रामीणों को नुकसान उठाना पड़ा। विधायक भड़ाना के हस्तक्षेप से पहले की चकबंदी को निरस्त (डी-नोटिफाई) कराया गया था। अब दोबारा प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों में असंतोष है। विधायक प्रतिनिधि विजय शेखर ने संबंधित अधिकारियों से बात की। उन्होंने कहा कि कमेटी में विधायक प्रतिनिधि को शामिल किया जाएं। इस मौके पर अनिल त्यागी, पवन शास्त्री, रिंकू त्यागी, ब्रिज मोहन शर्मा, रघुबीर सैनी, अभिमन्यु शास्त्री व समालखा ब्लॉक समिति के पूर्व चेयरमैन दीपक त्यागी मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 21, 2026, 02:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: चकबंदी कार्य रुकवाने की उठाई मांग #DemandRaisedToStopConsolidationWork #SubahSamachar