देवास: ट्रक का पीछा कर रहे टीआई को शराब माफिया ने रौंदा, मौके पर हो गई मौत
अवैध शराब कांड के लिए चर्चित हुए देवास जिले में एक और घटना हो गई। अवैध शराब तस्करी रोकने गए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक में तस्करी कर रहे लोगों ने कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अब पुलिस घटना की जांच कर रही है। घटना देवास जिले के खातेगांव-नेमावर रोड की है। देवास में शराब पीने से हुई 13 मौतों के बाद काफी सतर्कता बरती जा रही है। रात को ट्रकों की जांच की जा रही है। नेमावर रोड पर भी पुलिस ने जांच पाइंट लगाया था, जहां थाना प्रभारी पुरी अपने स्टाफ के साथ ड्यूटी दे रहे थे। एक ट्रक को पुरी ने रोकने की कोशिश की तो ड्राइवर ने ट्रक रोकने के बजाय उसे टीआई पर ही चढ़ा दिया। ट्रक उनके सिर और सीने वाले हिस्से को रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। पुलिसकर्मियों ने पुरी को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन लाया, लेकिन ट्रक से कुचले जाने के कारण उनके शरीर का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने शराब तस्करों के खतरनाक इरादों को भी उजागर कर दिया है। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया है। अब पुलिस ट्रक की तलाश कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 02, 2026, 03:39 IST
देवास: ट्रक का पीछा कर रहे टीआई को शराब माफिया ने रौंदा, मौके पर हो गई मौत #CityStates #Dewas #Indore #MadhyaPradesh #IndoreNews #IndoreBreakingNews #IndoreUpdates #MpNewsInHindi #MpNewsHindi #MpLatestNewsInHindi #SubahSamachar
