Dr YS Parmar Jayanti: विधानसभा में डॉ. वाईएस परमार को श्रद्धांजलि, कुलदीप पठानिया ने गिनाए योगदान
हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री एवं हिमाचल निर्माता डॉ. वाईएस परमार की जयंती पर मंगलवार को हिमाचल प्रदेश विधानसभा के लाइब्रेरी हॉल में श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि डॉ. परमार ने सीमित संसाधनों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश के विकास की मजबूत नींव रखी, जिसकी बदौलत आज हिमाचल देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के गठन के समय हिमाचल एक पहाड़ी राज्य था, जहां आय के साधन बेहद सीमित थे। इसके बावजूद डॉ. परमार ने दूरदर्शी सोच के साथ विकास की ऐसी आधारशिला रखी, जिसने प्रदेश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार ने न केवल हिमाचल को अलग पहचान दिलाई, बल्कि प्रदेश के लोगों को एकजुट करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा वर्ष 1994 से डॉ. वाईएस परमार की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा निभा रही है। उनका कहना था कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को डॉ. परमार के विचारों, संघर्ष और प्रदेश निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराना है। समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, उपमुख्यमंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, पूर्व विधायक और कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। डॉ. परमार के परिवार के सदस्य इस बार समारोह में शामिल नहीं हो सके, क्योंकि उनके पैतृक क्षेत्र बागथन में भी उनकी जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकार श्रीनिवास जोशी ने कहा कि डॉ. परमार ने हिमाचल को पिछड़ेपन से बाहर निकालने के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने प्रदेश के बजट का बड़ा हिस्सा शिक्षा के विस्तार पर खर्च किया, जिससे दूरदराज के क्षेत्रों तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित हुई। उन्होंने बताया कि डॉ. परमार सड़कों को विकास की रेखाएं मानते थे और सड़क निर्माण व विस्तार पर भी विशेष जोर दिया। इसके साथ ही पर्यटन, स्वास्थ्य और अन्य आधारभूत क्षेत्रों के विकास को भी उन्होंने प्राथमिकता दी। समारोह के दौरान वक्ताओं ने डॉ. वाईएस परमार के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी दोहराया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 04, 2026, 10:56 IST
Dr YS Parmar Jayanti: विधानसभा में डॉ. वाईएस परमार को श्रद्धांजलि, कुलदीप पठानिया ने गिनाए योगदान #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #DrYsParmar #DrYsParmarJayanti #KuldeepSinghPathania #HimachalAssembly #CmSukhvinderSinghSukhu #JairamThakur #ShimlaNews #SubahSamachar
