Chamba News: चांजू के दो स्कूलों में फरवरी से पेयजल आपूर्ति ठप

विद्यार्थी घरों से बोतलों में पानी लाने को मजबूर 600 छात्र-छात्राओं को हो रही भारी दिक्कत संवाद न्यूज एजेंसी चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चांजू स्थित राजकीय प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल चांजू में फरवरी से पेयजल की सप्लाई ठप पड़ी हुई है। पेयजल आपूर्ति बंद होने के कारण बच्चों को समस्या हो रही है। पानी की कमी से दोनों स्कूलों के करीब 600 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ये हैं कि बच्चे घरों से पानी की बोतलें भरकर लाने को विवश हैं। वहीं, स्कूल प्रबंधन के अनुसार इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन, अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। पानी न होने के कारण स्कूल की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। अभिभावकों प्रमोद कुमार, राजीव कुमार, संजीव कुमार, दलीप कुमार, संजीव कुमार आदि ने बताया कि फरवरी से स्कूल में पानी की सप्लाई बंद है। इसके चलते सबसे अधिक परेशानी मिड-डे मील बनाने में हो रही है। कई बार मिड-डे मील वर्कर को बाहर से पानी लाकर भोजन तैयार करना पड़ रहा है। यही नहीं, पानी की आपूर्ति न होने से बच्चों को शौच आदि करने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जलशक्ति विभाग से मांग की है कि बच्चों की सुविधा और स्कूल की व्यवस्था को देखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता केवल शर्मा ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। स्कूलों में पेयजल की आपूर्ति को सुचारु करवा दिया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 13, 2026, 16:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: चांजू के दो स्कूलों में फरवरी से पेयजल आपूर्ति ठप #DrinkingWaterSupplyToTwoSchoolsInChangjuHasBeenDisruptedSinceFebruary. #SubahSamachar