बिहार न्यूज: नालंदा में 5 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 20 कंपनियां करेंगी ऑन-द-स्पॉट भर्ती
बिहार के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए नौकरी पाने का अच्छा अवसर मिलने जा रहा है। नालंदा जिले में 5 नवंबर को भव्य नियोजन सह मार्गदर्शन मेला-2026 आयोजित किया जाएगा। इस मेले में निजी क्षेत्र की करीब 20 नामी कंपनियां हिस्सा लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर मौके पर ही चयन करेंगी। बैंकिंग, वित्त, बीमा, स्वास्थ्य, शिक्षा, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल और लॉजिस्टिक्स सहित कई क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही युवाओं को करियर काउंसलिंग, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। 5 नवंबर को संयुक्त श्रम भवन में लगेगा रोजगार मेला बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के निर्देश पर जिला नियोजनालय, नालंदा की ओर से इस एक दिवसीय मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 5 नवंबर 2026 को बिहारशरीफ प्रखंड कार्यालय परिसर के निकट स्थित संयुक्त श्रम भवन में लगेगा। मेले का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला नियोजनालय के अनुसार, इसका उद्देश्य जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके बेहतर भविष्य की राह आसान बनाना है। 20 कंपनियां करेंगी ऑन-द-स्पॉट भर्ती जिला नियोजनालय से मिली जानकारी के अनुसार, रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की करीब 20 प्रतिष्ठित और अग्रणी कंपनियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। ये कंपनियां बैंकिंग एवं वित्त, जीवन बीमा, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, मैन्युफैक्चरिंग, रिटेल, डिलीवरी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में खाली पदों के लिए महिला और पुरुष अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेंगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन मौके पर ही किया जाएगा। इस मेले में सामाजिक समावेशन का भी ध्यान रखा गया है। राज्य सरकार के नियमानुसार कुल रिक्तियों में दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए चार प्रतिशत पद आरक्षित रखे गए हैं। इससे दिव्यांग युवाओं को भी रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। नौकरी के साथ करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार की जानकारी नियोजन सह मार्गदर्शन मेले की खास बात यह है कि यहां युवाओं को केवल नौकरी के अवसर ही नहीं मिलेंगे, बल्कि उन्हें करियर से जुड़ी सही दिशा भी दिखाई जाएगी। इसके लिए मेले में विशेष करियर एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन डेस्क बनाए जाएंगे। यहां मौजूद विशेषज्ञ युवाओं को मौजूदा रोजगार बाजार की मांग, जरूरी कौशल और कौशल संवर्धन से जुड़े विकल्पों की जानकारी देंगे। इसके अलावा विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से युवाओं को सरकारी कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सरकारी ऋण एवं अनुदान योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। इससे नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के साथ अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों को भी मदद मिलेगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरूरी रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक सभी अभ्यर्थियों के लिए बिहार रोजगार सेतु पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट www.detjob.bihar.gov.in पर जाकर बिना किसी शुल्क के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जिला नियोजनालय, नालंदा ने जिले के सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अभ्यर्थियों को मेले में शामिल होने के लिए अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और बायोडाटा साथ लेकर निर्धारित समय पर पहुंचना होगा। इस पहल के जरिए युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने के साथ करियर और स्वरोजगार के नए विकल्पों की जानकारी मिल सकेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 03:57 IST
बिहार न्यूज: नालंदा में 5 नवंबर को लगेगा रोजगार मेला, 20 कंपनियां करेंगी ऑन-द-स्पॉट भर्ती #CityStates #Patna #Bihar #BiharNews #SubahSamachar
