नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की बड़ी ताकत : उपायुक्त

ऊना। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत ऊना द्वारा हिमकैप्स इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल एजुकेशन, बढ़ेड़ा में जिला स्तरीय नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के लगभग 350 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बतौर मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। उपायुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा सकारात्मक सोच ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे तो विकसित भारत का सपना शीघ्र साकार होगा। वहीं, पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि नशे के विरुद्ध केवल कानून ही पर्याप्त नहीं है बल्कि समाज की सामूहिक जागरूकता और युवाओं की सकारात्मक सोच भी उतनी ही आवश्यक है। महोत्सव के अंतर्गत समूह नृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक/मूक अभिनय, चित्रकला, वाद-विवाद एवं भाषण, स्लैम पोएट्री, लघु फिल्म/रील तथा स्लोगन लेखन सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए स्वस्थ एवं जागरूक समाज का संदेश दिया। इस मौके पर उपायुक्त ऊना ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी बच्चों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इस बारे जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस मौके पर हिमकैप्स कॉलेज बढेड़ा के चेयरमैन विक्रमजीत सिंह, जिला युवा स्पोर्ट्स अधिकारी प्रदीप कुमार, तहसील कल्याण अधिकारी ऊना जितेंद्र शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 28, 2026, 00:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की बड़ी ताकत : उपायुक्त #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar