Jammu News: एसएमवीडीयू और स्कॉस्ट जम्मू के वीसी को मिला सेवा विस्तार
- अब प्रदेश में नौ में से छह विश्वविद्यालयों में वीसी सेवा विस्तार पर अमर उजाला ब्यूरो जम्मू श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) और शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कॉस्ट) जम्मू के कुलपतियों को सेवा विस्तार दिया गया है। अब प्रदेश के नौ में से छह विश्वविद्यालयों में कुलपति बढ़े हुए कार्यकाल पर काम कर रहे हैं। यह आदेश उपराज्यपाल सचिवालय की ओर से जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार को दो साल का सेवा विस्तार दिया गया है। उनका मौजूदा कार्यकाल 19 जून 2026 को पूरा होगा, जिसके बाद यह विस्तार लागू होगा। स्कॉस्ट जम्मू के कुलपति प्रो. भूपेंद्र नाथ त्रिपाठी को 13 महीने का सेवा विस्तार दिया गया है। उनका कार्यकाल 20 जून, 2026 से प्रभावी होकर 19 जुलाई, 2027 तक रहेगा, जो उनकी 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक है। नियम के मुताबिक, इस विश्वविद्यालय में कुलपति 65 वर्ष की आयु के बाद पद पर नहीं रह सकते। इन दोनों विस्तारों के बाद अब कश्मीर विश्वविद्यालय, जम्मू विश्वविद्यालय, स्कॉस्ट कश्मीर और इस्लामिक यूनिवर्सिटी अवंतीपोरा समेत कुल छह विश्वविद्यालयों में कुलपति सेवा विस्तार पर हैं। सूत्रों के अनुसार, ऐसे फैसले संस्थानों में चल रहे शैक्षणिक, शोध और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को बिना रुकावट जारी रखने के लिए लिए जाते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 26, 2026, 02:39 IST
Jammu News: एसएमवीडीयू और स्कॉस्ट जम्मू के वीसी को मिला सेवा विस्तार #EducationNews #SubahSamachar
