Sant Kabir Nagar News: ट्रेलर ने बुजुर्ग महिला काे रौंदा, मौत
तिघरा। बखिरा कस्बे में शुक्रवार दोपहर एक ट्रेलर ने बुजुर्ग महिला का रौंद दिया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने महिला का शव कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरदी गांव निवासी दुधेसरी देवी (68) पेंशन निकालने के लिए बखिरा स्थित बैंक जा रही थीं। दोपहर 2:30 बजे जब वह बेणी माधव गोपी नाथ इंटर कॉलेज बखिरा के सामने पहुंचीं, तभी बखिरा से खलीलाबाद की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें रौंदते दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर के सभी पहिए महिला के ऊपर से गुजर गए, जिससे मौके पर ही वृद्धा की मौत हो गई।हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह और चौकी प्रभारी राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भतीजे कृष्ण स्वरूप त्रिपाठी ने बताया कि उनकी चाची दुधेसरी देवी पेंशन लेने के लिए बैंक जा रही थीं, तभी लापरवाहीपूर्वक तेज गति से चल रहे ट्रेलर ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में तहरीर मिल गई है, और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है। बताया जाता है कि मृतका के पति शंभू मणि की काफी पहले मृत्यु हो चुकी है। परिवार में उनकी एक बेटी गुड़िया त्रिपाठी है, जिनकी शादी हो चुकी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बेणी माधव गोपी नाथ इंटर कॉलेज के सामने का क्षेत्र काफी व्यस्त रहता है, यहां छात्र-छात्राओं और आम लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद इस मार्ग पर वाहन तेज गति से गुजरते हैं। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 23:19 IST
Sant Kabir Nagar News: ट्रेलर ने बुजुर्ग महिला काे रौंदा, मौत #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
