UP: चक रोड की पैमाइश बनी खूनी जंग, राजस्व टीम के सामने लाठी-कुल्हाड़ी चलीं, छह घायल

आगरा के सैंया थाना क्षेत्र के गांव नदीम में चक रोड को अतिक्रमण मुक्त कराए जाने की शिकायत करना शिकायतकर्ता को उस समय भारी पड़ गया जब दबंगों ने राजस्व टीम के सामने ही लाठी, कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दौरान शिकायतकर्ता के भाइयों को लहुलुहान कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने थाने मे लिखित तहरीर दी है। वहीं दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए हैं। थाना सैंया क्षेत्र के गांव नदीम में राजाराम और विद्याराम के परिवार रहते हैं। दोनों के खेत आसपास हैं। खेतों के आने जाने के लिए चक रोड है । पीड़ित राजाराम के पुत्र सौदान सिंह का आरोप है कि चकरोड में गांव के विद्याराम आदि ने अवैध निर्माण कर चकरोड पर कब्जा कर लिया है जिससे खेत की जुताई बुवाई करने के लिए वाहनों के आने जाने में परेशानी उठानी पड़ रही थी। इस मामले में शिकायत सौदान सिंह पुत्र राजाराम ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी से की थी। तहसील दिवस की शिकायत पर बिना सूचना दिए और बिना पुलिस बल के राजस्व टीम पैमाइश करने गांव नदीम पहुंची। पैमाइश को लेकर आरोपी पक्ष के विद्याराम, हरी सिंह, सुरेन्द्र मुन्ना, भूरी सिंह, भोलू, दिलीप, सुनहरी आदि लोगों ने पीड़ित पक्ष के सौदान सिंह, राजकुमार, चोब सिंह से गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी पक्ष के लोगों ने लाठी, कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। झगड़े में राजकुमार, चोबसिंह, सौदान सिंह घायल हो गए। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गुरविंदर सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। गांव में ऐतिहातन पुलिस भी तैनात कर दी है, ताकि गांव में शान्ति भंग न हो सके। दोनों पक्षों से कुल छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को पुलिस ने मेडीकल परीक्षण के लिए भेजा है। दोनो पक्षों ने थाने में लिखित तहरीर दी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 16, 2026, 12:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




UP: चक रोड की पैमाइश बनी खूनी जंग, राजस्व टीम के सामने लाठी-कुल्हाड़ी चलीं, छह घायल #CityStates #Agra #SaiyaNews #ChakRoadDispute #EncroachmentRow #ViolentClash #AxeAttack #RevenueTeam #AgraRuralNews #SixInjured #सैंयासमाचार #चकरोडविवाद #SubahSamachar