Kotdwar News: कोटद्वार शहर में तीन दिन तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
कोटद्वार। दीपावली में जाम के कारण खलल न पड़ने देने के लिए यातायात पुलिस ने कमर कस ली है। रूट डायवर्जन का खाका खींचते हुए बृहस्पतिवार को इसका ट्रायल किया गया। साथ ही वाहन संचालकों और शहरवासियों से सहयोग की अपील की गई है। बृहस्पतिवार सुबह यातायात निरीक्षक संदीप तोमर के नेतृत्व में यातायात पुलिस प्रमुख चौराहों और मार्गों पर डटी रही। बालासौड़ तिराहा, देवी मंदिर चौराहा, लालबत्ती चौक, झंडा चौक, हनुमान मंदिर, प्रेक्षागृह तिराहा, बुद्धा पार्क समेत प्रमुख जगहों पर यातायात पुलिस ने कमान संभालकर रूट डायवर्जन का ट्रायल किया। यातायात निरीक्षक ने बताया कि छह, सात व आठ नवंबर को सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश और लालबत्ती चौक से झंडाचौक के बीच यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आगमी तीन दिन तक रूट डायवर्जन की जानकारी देते हुए बताया कि नजीबाबाद, कौड़िया की ओर से दुगड्डा, पौड़ी की ओर जाने वाले भारी वाहन बालासौड़ तिराहे से देवी मंदिर होते हुए घराट रोड, डिग्री कॉलेज होकर गुजरेंगे। रोडवेज बसें डिपो पर नहीं जाएंगी। बसों को बालसौड़ तिराहा से देवी मंदिर से गुजारकर लालबत्ती चौक से वापस नजीबाबाद के लिए रवाना किया जाएगा। लालबत्ती चौक पर यातायात का अधिक दबाव होने पर रोडवेज बसों को कौड़िया पर ही रोका जाएगा।वहीं, पौड़ी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को बुद्धा पार्क से डिग्री कॉलेज वाले मार्ग से होते हुए देवी मंदिर मंदिर से गुजारकर बालासौड़ तिराहे से कौड़िया की ओर रवाना किया जाएगा। हल्के वाहनों, कार-बाइक आदि को प्रेक्षागृह तिराहा से पुराना बदरीनाथ मार्ग होते हुए स्टेशन मार्ग, लालबत्ती मार्ग से गुजारा जाएगा। वहीं, पौड़ी की ओर से आने वाली रोडवेज बसों व जीएमओयू की बसों को सिद्धबली तिराहे से गाड़ीघाट होते हुए बस अड्डे पर लाया जाएगा। गाड़ीघाट से आने वाले वाहन हनुमान मंदिर तिराहे से बस अड्डे की तरफ से लालबत्ती चौक होते हुए गुजरेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 17:20 IST
Kotdwar News: कोटद्वार शहर में तीन दिन तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित #EntryOfHeavyVehiclesIntoKotdwarCityIsProhibitedForThreeDays #SubahSamachar
