Bulandshahar News: मोमबत्ती और दिये के गोदाम में लगी आग, लाखों रुपये का नुकसान
खुर्जा। कबूतर वाली पैठ मोहल्ला स्थित मोमबत्ती व मिट्टी के दिये के गोदाम में मंगलवार दोपहर को अज्ञात कारणों से आग लग गई। गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान और फर्नीचर जल गया। सूचना पर दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मोहल्ला निवासी अब्दुल अजीज ने बताया कि उनके घर के सामने मोमबत्ती व मिट्टी के दिये का गोदाम है। गोदाम मालिक हाजी वहीद का पड़ोस में ही मकान है। मंगलवार दोपहर को गोदाम बंद था। तभी अचानक गोदाम के अंदर से धुंआ निकलने लगा तो आसपास के लोग बाहर आ गए।उन्होंने गोदाम मालिक को सूचना दी। कुछ देर में गोदाम के अंदर से आग की लपटें निकलने लगीं। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को की। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। टीम ने आग बुझाना शुरू किया। धीरे-धीर बुलंदशहर से दो, जहांगीराबाद से एक, शिकारपुर से एक और टीएचडीसी थर्मल पावर प्लांट से एक गाड़ी मौके पर आ गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद छह गाड़ी व दमकल विभाग की टीम ने आग को शांत किया। हालांकि गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जल गया था। हादसे के दौरान गोदाम में कोई मौजूद नहीं था। पड़ोस के मकान तक आग नहीं पहुंची, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। एफएसओ अवधेश कुमार ने बताया कि आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। गोदाम में रखी मोमबत्ती के कारण आग तेजी से फैल गई। धुंआ ज्यादा था। खुर्जा के कबूतर वाली पैंठ स्थित मोमबत्ती के गोदाम में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 19:17 IST
Bulandshahar News: मोमबत्ती और दिये के गोदाम में लगी आग, लाखों रुपये का नुकसान #BulandshahrNews #SubahSamachar
