Sant Kabir Nagar News: करमैनी पुल से राप्ती नदी में कूदी युवती, दो दिन बाद भी सुराग नहीं
मेंहदावल। क्षेत्र के करमैनी पुल से एक युवती राप्ती नदी में कूद गई। पुलिस व एसडीआरएफ टीम उसकी तलाश में जुटी है। अभी तक वह नहीं मिल पाई है। युवती गोरखपुर कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली है। मंगलवार की देर रात 10:00 बजे 18 वर्षीय युवती करमैनी पुल पर पहुंची। आत्महत्या के इरादे से उसने सुनसान देखकर नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने के दौरान उसका दुपट्टा पुल में फंस गया, जिससे उसकी पहचान हुई। आसपास के लोग पानी में कूदने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे। मामले की सूचना बनकसिया चौकी पुलिस को दी गई। चौकी प्रभारी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे, लेकिन युवती का कुछ पता नहीं चला। बुधवार होली के दिन भी उसकी खोजबीन हुई, लेकिन बरामदगी नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को पूरे दिन एसडीआरएफ व मेंहदावल पुलिस ने खोजबीन की, लेकिन युवती का पता नहीं चल पाया। इस दौरान मौके पर उसके परिवार के सदस्य जुटे रहे। सीओ मेंहदावल सर्वदवन सिंह ने भी मौके का जायजा लिया। पुलिस कर्मियों व एसडीआरएफ टीम को सर्च ऑपरेशन तेज करने का निर्देश दिया। युवती ने घटना को अंजाम क्यों दिया, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। मेंहदावल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस और एसडीआरएस टीम युवती की तलाश कर रही है, अभी तक बरामदगी नहीं हो सकी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 00:45 IST
Sant Kabir Nagar News: करमैनी पुल से राप्ती नदी में कूदी युवती, दो दिन बाद भी सुराग नहीं #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
