Mathura: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का मथुरा दाैरा अंतिम समय में निरस्त, धरी रह गईं प्रशासन की तैयारियां
प्रदेश की राज्यपाल का प्रस्तावित मथुरा भ्रमण कार्यक्रम अंतिम समय में निरस्त हो गया। कार्यक्रम रद्द होने की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने राहत की सांस तो ली, लेकिन कई दिनों से चल रहीं तैयारियां अधूरी रह गईं। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारी पिछले कई दिनों से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे थे। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, निरीक्षण और अन्य व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही थी। अधिकारियों ने कई बार कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर तैयारियों का जायजा भी लिया था। राज्यपाल के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमले में विशेष सक्रियता देखने को मिल रही थी। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं और संस्थानों के कार्यों की समीक्षा भी प्रस्तावित थी। हालांकि, अब कार्यक्रम निरस्त होने के बाद सभी तैयारियां फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र ने बताया कि राज्यपाल के दौरे की नई तिथि फिलहाल निर्धारित नहीं की गई है। कार्यक्रम रद्द होने के कारणों की आधिकारिक जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। जिला प्रशासन को जैसे ही कार्यक्रम निरस्त होने की सूचना मिली, संबंधित विभागों को इसकी जानकारी दे दी गई। वहीं दूसरी ओर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी संजय गौतम ने बताया कि रेलवे की ओर से भी तैयारी की गई थी, लेकिन सुबह महामहिम के कार्यक्रम रद्द होने की सूचना प्राप्त हुई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 31, 2026, 13:44 IST
Mathura: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का मथुरा दाैरा अंतिम समय में निरस्त, धरी रह गईं प्रशासन की तैयारियां #CityStates #Mathura #GovernorAnandibenPatel #SubahSamachar
