हाथरस: फाइलों में उलझी पेंशन, दफ्तरों में भटक रहे 74 हजार लाभार्थी, महीनों से नहीं मिली वृद्धा-विधवा पेंशन
हाथरस जिले में वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी इन-दिनों सरकारी दफ्तरों में ठोकरें खा रहे हैं। किसी ने एक साल पहले तो किसी ने दो साल पहले पेंशन के लिए आवेदन किया था, लेकिन अभी तक उनके खातों में पेंशन की धनराशि नहीं पहुंची है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि केवल नए आवेदक ही नहीं, बल्कि पहले से पेंशन प्राप्त कर रहे कई लाभार्थियों को भी पिछले कई महीनों से पेंशन का इंतजार है। जिले में वर्तमान में 74 हजार पेंशनार्थी हैं। पेंशन की आस में बार-बार कार्यालय पहुंचने वाले इन जरूरतमंदों को अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल पा रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर इन लोगों के लिए कार्यालयों तक पहुंचना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। इसके बावजूद हर बार उम्मीद लेकर जाने वाले इन आवेदकों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। इन बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए त्योहार की खुशियां भी आर्थिक तंगी के बीच फीकी पड़ती नजर आ रही हैं। दिवाली जैसे बड़े त्योहार से पहले पेंशन मिलने की आस लगाए बैठे आवेदकों को जब खाते में धनराशि नहीं मिली तो उनकी निराशा और बढ़ गई। किसी को दवा के लिए रुपये चाहिए तो किसी को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 10:03 IST
हाथरस: फाइलों में उलझी पेंशन, दफ्तरों में भटक रहे 74 हजार लाभार्थी, महीनों से नहीं मिली वृद्धा-विधवा पेंशन #CityStates #Hathras #HathrasPension #OldAgePension #WidowPension #DivyangPension #UpPensionScheme #HathrasNews #SocialWelfare #SparshPortal #SubahSamachar
