क्रिप्टोकरेंसी घोटाला: मुख्य आरोपी का सहयोगी अतुल सूद गिरफ्तार, सात ठिकानों से 72 लाख रुपये नकद बरामद

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2,500 करोड़ के क्रिप्टोकरेंसी घोटाले में कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुभाष शर्मा के मुख्य सहयोगी जीरकपुर निवासी अतुल सूद को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने पंजाब के मोहाली, जीरकपुर व चंडीगढ़ स्थित सात ठिकानों पर तलाशी अभियान चला 72 लाख नकद, अवैध संपत्तियों के दस्तावेज, बैंक खाते के रिकॉर्ड व कई डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। शिमला की विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश करने के बाद अदालत ने आरोपी को 5 नवंबर तक ईडी की रिमांड पर भेज दिया है। ईडी के अनुसार, यह फर्जी स्कीम वर्ष 2018 में मुख्य सरगना सुभाष शर्मा ने अपने साथियों हेमराज, सुखदेव ठाकुर, अभिषेक शर्मा और राधिका शर्मा के साथ मिलकर शुरू की थी, जो वर्ष 2023 में खुलकर सामने आई। इस नेटवर्क में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा के करीब 2.48 लाख निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का लालच देकर फंसाया गया था। आरोपियों ने फर्जी डिजिटल प्लेटफॉर्म बनाकर जनता से भारी-भरकम रकम जुटाई, जिससे निवेशकों को 500 करोड़ रुपये से अधिक का सीधा नुकसान हुआ। जब्त डिजिटल उपकरणों की प्रारंभिक जांच में नेटवर्क के जरिए करीब 20 अरब रुपये लेनदेन का खुलासा हुआ है। निवेशकों से टीम लीडरों के जरिए जुटाई नकदी सुभाष शर्मा और उसके सहयोगियों विजय कुमार जुनेजा व मासूम जुनेजा तक पहुंचाई जाती थी। प्रवर्तन निदेशालय की जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अतुल सूद सुभाष शर्मा की संपत्तियों के जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी एजेंट के रूप में सक्रिय था। उसने बड्स एक्ट-2019 के तहत पहले से जब्त जमीन को फर्जी पहचान व सेल डीड के आधार पर जीरकपुर निवासी प्रोमिला सिंगला और संगीता मित्तल को करीब 1.30 करोड़ रुपये में बेचा था, जिसमें मिले चेक कभी भुनाए ही नहीं गए। सूद जिस फ्लैट में रह रहा था, वह भी उसने वर्ष 2020 में सुभाष शर्मा की पत्नी रोमिता कश्यप से खरीदा था।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 02, 2026, 09:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




क्रिप्टोकरेंसी घोटाला: मुख्य आरोपी का सहयोगी अतुल सूद गिरफ्तार, सात ठिकानों से 72 लाख रुपये नकद बरामद #CityStates #Shimla #HimachalPradesh #HimachalCryptoScam #2500CroreCryptocurrencyScam #AtulSoodArrested #SubhashSharmaCryptoScam #EdRaidChandigarh #EdRaidMohali #ZirakpurEdSearch #HimachalPradeshCryptoFraud #CryptocurrencyInvestmentScamIndia #EnforcementDirectorateHimachal #SubahSamachar