भिंड में खौफनाक हादसा: पलंग की चादर बदल रही थी महिला, अचानक धंसा फर्श, 16 फीट गहरे गड्ढे से बाहर निकाला
शहर के गर्ल्स स्कूल वाली गली में एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया। घर के कमरे में पलंग पर मौजूद 45 वर्षीय महिला अचानक फर्श धंसने से पलंग समेत करीब 15 से 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। गनीमत रही कि परिजनों ने समय रहते उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में महिला को चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज जारी है। मकान मालिक पं. अनुराग मिश्रा के मुताबिक उनके चचेरे भाई आदित्य मिश्रा की पत्नी निशि मिश्रा कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं। इसी दौरान अचानक कमरे का फर्श भरभराकर नीचे धंस गया। निशि मिश्रा पलंग समेत जमीन के अंदर बने गहरे गड्ढे में जा गिरीं। हादसे के समय परिवार के सदस्य एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। घर लौटने पर घटना की जानकारी मिली तो परिवार के छोटे भाई अनूप मिश्रा और पड़ोसियों ने तत्काल गड्ढे में सीढ़ी उतारी और काफी मशक्कत के बाद निशि को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। ये भी पढ़ें:'पानी नहीं मिलेगा तो रोओगे' जानिए इंदौर में क्यों अचानक सड़कों पर उतरे एमआईसी सदस्य आजादी से पहले बनी थी अनाज की खंती इस हादसे के पीछे मकान के नीचे मौजूद एक सदी से भी पुरानी संरचना को वजह माना जा रहा है। मकान मालिक अनुराग मिश्रा के अनुसार उनके परदादा पंडित मदन मोहन मिश्रा सिंधिया स्टेट में ऑनरेरी मजिस्ट्रेट थे। वे वनखंडेश्वर महादेव मंदिर के माफीदार पुजारी भी थे। उस दौर में आसपास के क्षेत्र से कर वसूली और अनाज जमा करने की जिम्मेदारी उनके पास थी। अनाज को सुरक्षित रखने के लिए जमीन के अंदर गल्ले की खंती बनाई गई थी। इसी स्थान पर उस समय कचहरी भी लगती थी। बाद में इस पुरानी संरचना के ऊपर मकान का निर्माण कर दिया गया। पानी के रिसाव से खोखली हो गई जमीन अनुराग मिश्रा ने बताया कि वर्ष 1980 में उनके पिता और चाचा ने पुराने मकान का पुनर्निर्माण कराया था। उस दौरान अनाज रखने वाली खंती को बंद कर दिया गया था। उनका मानना है कि जमीन के भीतर पानी का रिसाव होने से खंती में भरी मिट्टी धीरे-धीरे बहती रही और अंदर बड़ा खाली स्थान बन गया। बुधवार रात मिट्टी का दबाव बढ़ने से अचानक फर्श धंस गया। गड्ढे के निचले हिस्से में पानी भी भरा हुआ है। इस घटना ने पुराने मकानों के नीचे मौजूद ऐतिहासिक संरचनाओं और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर उन इलाकों में जहां पुरानी खंतियों, कुओं या भूमिगत निर्माण के ऊपर मकान बने हुए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 18:53 IST
भिंड में खौफनाक हादसा: पलंग की चादर बदल रही थी महिला, अचानक धंसा फर्श, 16 फीट गहरे गड्ढे से बाहर निकाला #CityStates #Crime #Bhind #MadhyaPradesh #GrainPit #HouseAccident #WomanRescued #UndergroundStructure #GroundCavedIn #FloorCavedIn #SubahSamachar
