Una News: महिला से मारपीट के आरोपी पति और जेठ की 23 जून को दोबारा पेशी
बडूही (ऊना)। ग्राम पंचायत बेहड़ जसवां के गांव कुंग्राला (बागड़ू) में महिला से मारपीट के चर्चित मामले ने वीरवार को नया मोड़ ले लिया। मामले में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए पति और जेठ को शुक्रवार को एसडीएम अंब की अदालत में पेश किया, जहां मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को आगामी 23 जून को दोबारा पेश होने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर पीड़ित महिला ने पुलिस थाना अंब में नई शिकायत दर्ज कराकर अपने पति और जेठ पर वर्षों से मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीना देवी ने बीते दिनों अपने पति कुशल कुमार और जेठ कृष्ण कुमार पर मारपीट करने तथा प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। इसी बीच बीना देवी ने एक बार फिर थाना अंब पहुंचकर विस्तृत शिकायत दर्ज करवाई। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद से ही उसे लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उसने पुलिस को बताया कि पति और जेठ कई वर्षों से उसके साथ मारपीट तथा मानसिक रूप से भी परेशान करते रहे हैं। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे कई बार जान से मारने की धमकियां दी गईं और घर में उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता रहा। पीड़िता की नई शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मामले में सभी तथ्यों और आरोपों की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, गवाहों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 00:00 IST
Una News: महिला से मारपीट के आरोपी पति और जेठ की 23 जून को दोबारा पेशी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
