जयपुर: धनतेरस पर बाजारों में बरसेगा धन, 10 हजार करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद

धनतेरस पर शुक्रवार को जयपुर के बाजारों में जमकर धन बरसने की उम्मीद है। सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, सजावटी सामान और पटाखों के बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है। व्यापारियों को इस बार जयपुर में करीब 10 हजार करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद है। हालांकि, खरीदारी के ट्रेंड में इस बार बदलाव भी नजर आ रहा है। सोने की कीमतें ऊंची होने के कारण ग्राहक भारी गहनों के बजाय हल्के आभूषण और चांदी के सिक्कों को प्राथमिकता दे रहे हैं। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन और लाइफ स्टाइल से जुड़े उत्पादों की मांग है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी धनतेरस को लेकर कंपनियों और डीलर्स ने तैयारियां की हैं। इस बार बाजार में पारंपरिक खरीदारी के साथ जरूरत के सामान पर भी लोगों का जोर है। कोई परिवार के लिए नया टीवी खरीदने की तैयारी में है तो कोई वाहन या घरेलू उपकरण लेने की योजना बना रहा है। घरों को सजाने के लिए दीये, लाइटें, बंदनवार और दूसरे सजावटी सामान की मांग भी बनी हुई है। बाजारों में खरीदारी की रफ्तार और ग्राहकों का बजट इस बार कारोबार की दिशा तय करेंगे। सोना-चांदी में हल्के गहनों और सिक्कों की मांग जौहरी बाजार और हल्दियों का रास्ता में सोना-चांदी खरीदने वालों की आवाजाही रहेगी। सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के चलते ग्राहक अब जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। भारी आभूषणों के बजाय हल्के वजन के गहनों की मांग है। चांदी के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और दूसरे धार्मिक आइटम भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। सराफा कारोबारी भीम सिंह जैन का कहना है कि सोने-चांदी की कीमतों में बार-बार उतार-चढ़ाव का असर खरीदारी पर पड़ रहा है। जयपुर का विस्तार होने के साथ परकोटे के बाहर भी ज्वेलरी के बड़े ब्रांड के शोरूम खुल गए हैं। परकोटे के बाजारों में ही ज्वेलरी की छह हजार से अधिक दुकानें हो चुकी हैं। ऐसे में कारोबार का हिस्सा भी बंटा है। कीमतों में लगातार बदलाव के कारण लोग जरूरत के हिसाब से ही सोना और चांदी खरीद रहे हैं। यह भी पढें-राजस्थान: न सोना, न चांदी फिर भी कीमत लाखों में! जयपुर की 9 ग्राम मिठाई 1,111 रुपये की इलेक्ट्रॉनिक्स में लाइफ स्टाइल से जुड़े सामानों की खरीद ज्यादा रायसर प्लाजा, गणपति प्लाजा और जयन्ती मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर धनतेरस की तैयारियां हैं। टीवी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, मोबाइल और दूसरे घरेलू उपकरणों पर कंपनियों के ऑफर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। बड़े स्क्रीन वाले स्मार्ट टीवी और नए फीचर वाले उपकरणों की मांग भी है। ग्राहक खरीदारी से पहले अलग-अलग दुकानों पर कीमत और ऑफर की तुलना कर रहे हैं। राजस्थान व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के अनुसार, बाजार में खरीदारी का रुझान है। इस बार इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। खास तौर पर लाइफ स्टाइल से जुड़े उत्पादों की खरीदारी ज्यादा हो रही है। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार को धनतेरस पर अच्छा कारोबार मिलने की संभावना है। ऑटोमोबाइल बाजार में धनतेरस पर डिलीवरी की तैयारी धनतेरस पर वाहन खरीदना भी शुभ माना जाता है। ऐसे में ऑटोमोबाइल बाजार में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीदारी पर नजर रहेगी। कंपनियों और डीलर्स की ओर से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए ऑफर दिए जा रहे हैं। कई ग्राहक पहले से वाहन बुक कराकर धनतेरस पर डिलीवरी लेने की योजना बनाते हैं। सजावटी सामान से बाजारों में बढ़ी रौनक त्रिपोलिया बाजार, चांदपोल और बापू बाजार में दीपावली की सजावट से जुड़ा सामान ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी लाइटें, बंदनवार, रंगोली, पीतल और तांबे के सजावटी सामान की दुकानें सजी हैं। लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं और घर सजाने के दूसरे सामान की भी मांग है। बाजार में कम कीमत वाले सामान से लेकर महंगे सजावटी आइटम तक उपलब्ध हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 06, 2026, 03:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




जयपुर: धनतेरस पर बाजारों में बरसेगा धन, 10 हजार करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurDhanterasShopping #Dhanteras2026 #JaipurMarkets #JaipurFestiveShopping #Rs10000CroreBusiness #SubahSamachar