केरल: भाजपा ने तीसरा विकल्प बनने के लिए झोंकी ताकत; मुख्यमंत्रियों के साथ 40 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन

भाजपा वामदलों के गढ़ केरल में एक नया राजनीतिक विकल्प बनकर उभरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही। यही वजह है कि शनिवार को विभिन्न सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान राजस्थान व गुजरात के मुख्यमंत्रियों को उतारकर अपना दम दिखाया। दरअसल, भाजपा 2024 में लोकसभा चुनाव में त्रिशूर सीट पर जीत के साथ खाता खुलने और फिर पिछले साल दिसंबर में निकाय चुनाव में अपने प्रदर्शन से खासी उत्साहित है। भाजपा केरल में सत्तारूढ़ वामपंथी गठबंधन एलडीएफ और कांग्रेस-नीत विपक्षी गठबंधन यूडीएफ का विकल्प बनना चाहती है। खुद प्रधानमंत्री ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में भाजपा की जीत को राजनीतिक परिदृश्य में मील का पत्थर बताया था। उन्होंने कहा था कि इस जीत ने केरल में भाजपा की जीत की नींव रख दी है। उन्होंने जनवरी में केरल में एक जनसभा में यह भी कहा था कि अब एक तीसरा विकल्प मौजूद है जो विकास और सुशासन को प्राथमिकता देता है। भाजपा राज्य में तीसरा विकल्प बनने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है। राज्य में शनिवार को भाजपा के कई प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के अलावा राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद्र बैरवा और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद रहे। राज्य भाजपा अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर के तिरुवनंतपुरम की नेमन सीट से नामांकन कराने के दौरान भजन लाल शर्मा मौजूद रहे। चंद्रशेखर ने बाद में एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा कि वह नामांकन के समय मौजूद रहने के लिए सीएम शर्मा का आभार जताते हैं। केंद्रीय मंत्री मेघवाल भी पहुंचेंगे चंद्रशेखर ने बताया कि शनिवार को उनके समेत करीब 40 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल कर दिया, जबकि बाकी उम्मीदवार सोमवार तक नामांकन पूरा कर लेंगे। सीएम भजनलाल शर्मा नीमन, कट्टक्कड़ा, कझाकुट्टम और वट्टियूरकावु में भी नामांकन के दौरान मौजूद रहे। वहीं, गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल त्रिशूर, और पलक्कड़ निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवारों के साथ मौजूद रहेंगे। चंद्रशेखर के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री बैरवा एलाथुर और बालुस्सेरी का दौरा करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल कंजीरापल्ली और पूंजर में उपस्थित रहेंगे। भाजपा बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी : भजन लाल राजस्थान के मुख्यमंत्री ने अपने केरल दौरे पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है और पूरा भरोसा है कि पार्टी यहां जीत हासिल करेगी। भजनलाल शर्मा ने कहा, मैं देख रहा हूं कि भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश हैमैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि केरल में कई नई चीजें होने वाली हैं। भाजपा शानदार प्रदर्शन करेगी और जीत हासिल करेगी। भाजपा यहां एक बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी। तीसरी सूची जारी भाजपा ने शनिवार को केरल के लिए 11 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की। तिरुवनंतपुरम से करमना जयन, पुथुपल्ली से रवीन्द्रनाथ वकत्थानम, चवरा से के आर राजेश, चदयामंगलम से आर एस अरुण राज और पीरुमाडे से वी रतीश मैदान में उतरेंगे। विवेक गोपन को अरुविक्करा सीट, टी एन सुरेश को कोवलम और एस राजशेखरन नायर को नेय्याट्टिनकारा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 22, 2026, 03:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




केरल: भाजपा ने तीसरा विकल्प बनने के लिए झोंकी ताकत; मुख्यमंत्रियों के साथ 40 उम्मीदवारों ने दाखिल किए नामांकन #IndiaNews #Election #National #KeralaAssemblyElection2026 #AssemblyElection2026 #SubahSamachar