Pauri News: सड़क के लिए कीर्तिनगर तहसील का घेराव किया
सरकारी योजनाओं और जनगणना कार्यों के बहिष्कार की दी चेतावनीसंवाद न्यूज एजेंसी श्रीनगर। विकासखंड कीर्तिनगर की ग्राम पंचायत गवाणा के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग के लिए एसडीएम कार्यालय का घेराव किया इसके बाद परिसर में धरना दिया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को इस संबंध में ज्ञापन भेजा। उन्होंने चेतावनी दी यदि इस साल के अंत तक गांव को सड़क से नहीं जोड़ा गया तो वे चुनाव के दौरान आंदोलन करेंगे। मांग पूरी नहीं होने पर सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों का बहिष्कार भी किया जाएगा। बुधवार को ग्रामीण ढुंडप्रयाग बैंड से जुलूस के साथ कीर्तिनगर बाजार होते हुए तहसील पहुंचे और सांकेतिक धरने पर बैठ गए। इसके बाद उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि गवाणा गांव को वर्ष 1962 की पैमाइश के आधार पर जंगलात भूमि से मुक्त कर राजस्व गांव घोषित करने, सड़क की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, डीपीआर तैयार करने, टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण शुरू कराने, सड़क निर्माण से प्रभावित परिवारों के खेत, मकान व पेड़ों का आकलन कर उचित मुआवजा देने, सड़क का सर्वे जनहित में कराने और निर्माण कार्य पीएमजीएसवाई के तहत किए जाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे गांव में सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं होने देंगे। वे सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन नहीं उठाएंगे और जनगणना कार्य में सहयोग नहीं करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों के गांव में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की चेतावनी भी दी है। इस मौके पर एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि शीघ्र वन भूमि संबंधी समस्या के समाधान के लिए राजस्व और वन विभाग का संयुक्त सर्वे करवाया जाएगा। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने धरना स्थगित कर दिया। इस मौके पर प्रधान सुरेश चौहान, केदार सिंह नेगी, जसपाल नेगी, प्रतिमा नेगी, ऋतु बर्त्वाल, कुंवर सिंह, वीरेंद्र सिंह, अर्जुन सिंह, जगत सिंह, सुलोचना, सुनीता व पिंकी आदि मौजूद थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 04, 2026, 19:46 IST
Pauri News: सड़क के लिए कीर्तिनगर तहसील का घेराव किया #KirtinagarTehsilWasSurroundedForTheRoad. #SubahSamachar
