Bulandshahar News: यूरिया संग कीटनाशक देने पर 3 विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
बुलंदशहर। यूरिया के साथ किसानों को कीटनाशक दिए जाने पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव ने उर्वरक विक्रेताओं की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यूरिया के साथ कीटनाशक देने वाले तीन विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की है।जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ उर्वरक विक्रेता किसानों को यूरिया के साथ जबरदस्ती कीटनाशक दे रहे हैं। इस तरह का कोई नियम नहीं है कि किसी किसान को जबरदस्ती यूरिया के साथ कीटनाशक दिया जाए। बताया कि निरीक्षण के दौरान तीन दुकानों पर इस तरह के मामले सामने आए। किसान कीटनाशक खाद भंडार इलना, भारत कीटनाशक केंद्र जहांगीराबाद और सुभाष खाद भंडार जहांगीराबाद के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। बताया कि किसानों को किसी भी उर्वरक की खरीद के लिए अन्य उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता। यदि कोई विक्रेता उर्वरक के साथ अनावश्यक रूप से कीटनाशक या अन्य सामग्री लेने का दबाव बनाता है, तो किसान इसकी शिकायत कृषि विभाग के अधिकारियों से कर सकते हैं। शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 16, 2026, 19:17 IST
Bulandshahar News: यूरिया संग कीटनाशक देने पर 3 विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित #BulandshahrNews #SubahSamachar
