लखनऊ ट्रिपल मर्डर: अब तक छह आरोपी गिरफ्तार, देर रात घर पर चला बुलडोजर; पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी
पुलिस आयुक्त के मुताबिक मामले में छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने ऋषभ शुक्ला को सोमवार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। उसके पिता दिनेश शुक्ला, चाचा सतीश शुक्ला, गिरिश शुक्ला, बहन प्रिया और अदिति को भी गिरफ्तार किया गया है। चाचा राजेश शुक्ला और और मुन्ना बाबू की तलाश में पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने ऋषभ के पास से देसी पिस्टल, छह कारतूस, छह खोखे और दो मैैगजीन बरामद की है। उसकी बहनों के पास से एक मोबाइल फोन मिला है। क्रेन से उठाई गई ऋषभ की कार शवों के अंतिम संस्कार के बाद पुलिस टीम क्रेन लेकर आरोपी ऋषभ के घर पहुंची आैर उसकी कार को उठवाकर सआदतगंज थाने लेकर पहुंची। छानबीन में सामने आया है कि ऋषभ की बहन प्रिया के अलावा गिरफ्तार किए गए पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2020 में मारपीट व अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। खास बात ये है कि ऋषभ का एक भाई है जो कॉलोनी में उससे अलग रहता है। वह बेहद शांत स्वभाव का है और उसका किसी से कोई विवाद नहीं है। यही वजह है कि आरोपी के भाई को लेकर किसी ने कोई बयान नहीं दिया। आरोपी का घर सील, अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर तिहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी ऋषभ शुक्ला के घर को अवैध निर्माण घोषित करते हुए एलडीए ने मंगलवार शाम इसे सील कर दिया। इसके बाद सड़क कब्जा कर घर में बनाए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर गिरा दिया गया। उच्च स्तर से मिले निर्देश के बाद एलडीए की प्रवर्तन टीम भारी पुलिस बल के साथ ऋषभ के घर पहुंची और मकान को चारों तरफ से सील कर दिया। मौके पर मौजूद एलडीए के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने नजूल की जमीन पर भी अवैध निर्माण कराया है। यह जमीन खाली कराने के लिए नोटिस दिया जाएगा। इससे पहले सीलिंग की कार्रवाई के दौरान परिवार एलडीए को निर्माण से संबंधित कोई भी नक्शा या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि सड़क की जमीन से कब्जा हटा दिया गया है। उधर, स्थानीय लोगों ने एलडीए पर अधूरी कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 02:04 IST
लखनऊ ट्रिपल मर्डर: अब तक छह आरोपी गिरफ्तार, देर रात घर पर चला बुलडोजर; पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowTripleMurder #BulldozerRunsOnTheHouseOfTheAccused #LucknowMurderCase #SubahSamachar
