Bilaspur News: देलग में सड़क किनारे खुले में कट रहा मीट-चिकन
स्वच्छता नियमों की अनदेखी पर लोगों में रोषवीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, खाद्य सुरक्षा विभाग करेगा जांचसंवाद न्यूज एजेंसी भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल के तहत देलग कस्बे में सड़क किनारे खुले में मीट-चिकन काटने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। लोगों ने इसे स्वच्छता नियमों का उल्लंघन बताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।देलग के मुख्य मार्ग के किनारे एक व्यक्ति खुले में ही मीट-चिकन काट रहा था। सड़क किनारे इस तरह खुले में मांस काटने से न केवल आसपास गंदगी फैल रही थी, बल्कि वहां से गुजर रहे राहगीरों को भी बदबू और असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। लोगों का कहना है कि इस प्रकार खुले में मीट काटना स्वास्थ्य के लिए भी खतरा पैदा कर सकता है। सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों की नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस प्रकार की गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे किसी बड़ी बीमारी के फैलने का खतरा भी पैदा हो सकता है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस प्रकार खुले में मीट-चिकन काटने से वातावरण प्रदूषित होता है और आसपास गंदगी फैलती है। मांस के अवशेषों के कारण आवारा कुत्ते, अन्य जानवर भी वहां इकट्ठा हो सकते हैं, जिससे राहगीरों के लिए खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करनी चाहिए।बताते चलें कि मीट और चिकन की दुकानों के लिए प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और स्वच्छता से संबंधित कई नियम निर्धारित किए गए हैं। इन नियमों के तहत मांस को खुले में काटने या बेचने की अनुमति नहीं होती। इसके लिए निर्धारित स्थान और स्वच्छ व्यवस्था होना अनिवार्य है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति सड़क किनारे खुले में इस प्रकार का कार्य करता है तो इसे नियमों की अवहेलना माना जाता है। इस संबंध में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग बिलासपुर महेश कश्यप ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जांच करवाई जाएगी और जो भी कार्रवाई बनती होगी, वह की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 08, 2026, 18:59 IST
Bilaspur News: देलग में सड़क किनारे खुले में कट रहा मीट-चिकन #MeatAndChickenBeingCutInTheOpenOnTheRoadsideInDelag #SubahSamachar
