चोरों के हौसले बुलंद: गैस एजेंसी से 54 सिलिंडर लेकर हुए फरार, बेहोशी का स्प्रे डाल कर वारदात को दिया अंजाम
लुधियाना महानगर के फोकल प्वाइंट स्थित गोबिंदगढ़ इलाके में चोरों ने एक गैस एजेंसी के गोदाम को निशाना बनाया। तीन नकाबपोश चोरों ने गोदाम की देखरेख करने वाले कर्मचारी के कमरे की खिड़की से कथित तौर पर नशीला पदार्थ स्प्रे कर उसे और उसके परिवार के सदस्यों को बेसुध कर दिया। इसके बाद आरोपी परिसर में खड़ी सिलेंडरों से लदी छोटा हाथी गाड़ी और दो बाइक लेकर फरार हो गए। चोरी हुई गाड़ी में करीब 54 गैस सिलिंडर लदे हुए थे। वारदात बुधवार देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर थाना फोकल प्वाइंट और ईश्वर नगर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कमरे में सो रहे कर्मचारी और परिजनों को किया बेसुध गोबिंदगढ़ स्थित अरुण गैस एजेंसी के संचालक अरुण गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके गोदाम की देखरेख की जिम्मेदारी कर्मचारी धर्मेंद्र के पास है। धर्मेंद्र परिसर में बने कमरे में अपनी बहन आरती और अन्य परिजनों के साथ रहता है। बुधवार देर रात करीब सवा तीन बजे नकाबपोश दीवार फांदकर गोदाम परिसर में दाखिल हुए। आरोप है कि उन्होंने धर्मेंद्र के कमरे की खिड़की से नशीला पदार्थ स्प्रे किया, जिसकी चपेट में आने से कमरे में मौजूद लोग बेसुध हो गए। इसके बाद आरोपियों ने परिसर में खड़ी छोटा हाथी गाड़ी को स्टार्ट किया और वहां खड़ी दो बाइक भी लेकर फरार हो गए। चोरी हुई गाड़ी में 54 गैस सिलेंडर लदे थे, जिनमें कई सिलेंडर भरे हुए बताए जा रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 29, 2026, 12:26 IST
चोरों के हौसले बुलंद: गैस एजेंसी से 54 सिलिंडर लेकर हुए फरार, बेहोशी का स्प्रे डाल कर वारदात को दिया अंजाम #CityStates #Crime #Chandigarh-punjab #Punjab #Ludhiana #SubahSamachar
