Aligarh News: निजी अस्पतालों पर भरोसा नहीं..5287 टीबी मरीजों तक पहुंचेगा सिस्टम

जिले में निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे टीबी मरीजों तक अब स्वास्थ्य विभाग सीधे पहुंचेगा। डीएम के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने ऐसी कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत निजी स्तर पर उपचार ले रहे मरीजों का पूरा ब्योरा जुटाया जाएगा। साथ ही उन्हें सरकारी स्तर पर उपलब्ध निशुल्क दवाएं देने की व्यवस्था भी की जाएगी।सीएमओ कार्यालय की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) को पत्र भेजा गया है। इसमें निजी अस्पतालों में उपचार पा रहे टीबी मरीजों का विवरण उपलब्ध कराने और उन्हें सरकारी दवा योजना से जोड़ने में सहयोग मांगा गया है।पिछले सप्ताह डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में टीबी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले में पिछले दो वर्षों में कुल 11695 टीबी मरीज चिह्नित हुए। इनमें से 5287 मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं, जबकि 6408 मरीज सरकारी स्तर पर उपचार और दवाएं ले रहे हैं।समीक्षा के दौरान डीएम ने सवाल उठाया कि जब सरकारी स्तर पर टीबी की दवाएं उपलब्ध हैं तो बड़ी संख्या में मरीज निजी दवाओं पर निर्भर क्यों हैं। साथ ही यह भी कहा गया कि निजी स्तर पर इलाज करा रहे मरीजों और उनके परिवारों तक विभाग की पहुंच नहीं बन पा रही है।इसी के बाद निर्णय लिया गया कि निजी अस्पतालों में उपचार ले रहे मरीजों को भी सरकारी दवा योजना से जोड़ा जाए, ताकि उन पर आर्थिक बोझ कम हो और विभाग उनके उपचार की निगरानी भी कर सके।सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य मरीजों तक विभाग की पहुंच बढ़ाना है। मरीजों और उनके परिवारों की जांच व संपर्क के जरिये जरूरी जानकारी जुटाई जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि उपचार में जरूरी दवाओं में अनावश्यक बदलाव तो नहीं किया जा रहा। हालांकि मरीज पर किसी दवा को लेने का दबाव नहीं होगा।98 फीसदी लक्ष्य हासिल : जिले में इस वर्ष मई तक 9358 ऐसे घर चिह्नित किए गए, जहां टीबी मरीज मिले। इनमें से 9379 घरों में जांच पूरी की जा चुकी है। विभाग के अनुसार जिले ने इस अभियान में करीब 98 फीसदी लक्ष्य हासिल कर लिया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 02:54 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Aligarh news TB IMA



Aligarh News: निजी अस्पतालों पर भरोसा नहीं..5287 टीबी मरीजों तक पहुंचेगा सिस्टम #AligarhNews #TB #IMA #SubahSamachar