Noida: अब मामूरा के खुले नाले में गिरकर बुजुर्ग की मौत, लगातार हो रहे हैं जानलेवा हादसे लेकिन नहीं बदलते हालात

मामूरा में बुधवार सुबह खुले नाले में गिरने से बुजुर्ग (70) की मौत हो गई। सुबह करीब 9:30 बजे गली नंबर-6 में ओम अस्पताल के पास ट्रांसफॉमर्र के करीब खुले नाले में हुए हादसे में जान गंवाने वाले बुजुर्ग की शिनाख्त मूलरूप से मेरठ निवासी रुमाल सिंह के रूप में हुई है। फिलहाल वह नोएडा के सेक्टर-66 के मामूरा में रह रहे थे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। शुरुआती जांच में शव पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशाननहीं मिले हैं। पुलिस ने नाले में डूबने से मौत की आशंका जताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद निवासियों में रोष है।  एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि बुजुर्ग के शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने मिला तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से घटना की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे डायल-112 पर पुलिस को मामूरा के नाले में एक व्यक्ति का शव होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही थाना फेज-3 पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। प्राधिकरण ने कहा कि घटनास्थल के पास नाला नहीं नोएडा। सेक्टर-66 मामूरा में पुलिस ने जिस जगह बुजु्र्ग का शव नाले से निकालने की बात कही है नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-5 का कहना है कि वहां पर नाला है ही नहीं। वर्क सर्कल प्रभारी राजकमल सिंह ने कहा कि जिस जगह पर बुजुर्ग की मौत हुई वहां पर नाला नहीं है। उस जगह से थोड़ी दूर पर एक छोटी सी नाली जरूर है। उन्होंने दावा किया कि उस नाली में गिरने से किसी की मौत नहीं हो सकती। नाली की गहराई भी कम है। इससे बारिश का पानी निकलता है और आस-पास जलभराव जैसी स्थिति भी नहीं थी। लघुशंका करते समय नाले में गिरने की जताई आशंका हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने बुजुर्ग के लघुशंका करते समय नाले में गिरने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि वह मामूरा में नाले के पास बैठकर लघुशंका कर रहे थे। तभी वह असंतुलित होकर नाले में गिर गए। वह मुंह के बल नाले में गिरे और निकल नहीं पाए। आसपास के लोगों का कहना है कि उनका शरीर भी भारी था। रोजाना मोबाइल लेकर निकलते थे परिजनों ने पुिलस को बताया कि रुमाल रोजाना मोबाइल लेकर घर से निकलते थे। बुधवार को बगैर मोबाइल लेकर घर से निकले। वहीं पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर मेरठ रवना हो गए हैं।  खुले नाले बन रहे जानलेवा कब जागेगा प्राधिकरण मामूरा की घटना ने एक बार फिर नोएडा में खुले नालों और गड्ढों की खतरनाक स्थिति उजागर कर दी है। शहर के कई हिस्सों, खासकर गांवों और औद्योगिक क्षेत्रों में आज भी बड़े-बड़े नाले बिना रेलिंग या सुरक्षा दीवार के खुले पड़े हैं। बरसात के दौरान इनमें पानी भर जाने से गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। पहले भी खुले नालों में गिरने से लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। हादसे के बाद किए जाते हैं दावे पर नहीं बदलते हालात नोएडा में खुले नालों को लेकर हर बड़े हादसे के बाद जांच और सुरक्षा के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात में बदलाव नहीं दिखता। कई स्थानों पर नालों पर टूटी स्लैब, गायब ढक्कन और सुरक्षा रेलिंग का अभाव लोगों के लिए रोजाना खतरा बना हुआ है। लोग लंबे समय से सुधार की मांग कर रहे हैं। हादसों ने खोली दावों की पोल 9 जुलाई 2026 : सेक्टर-58 में टूटी स्लैब की वजह से नाले में गिरे इंजीनियर आर्यन की मौत हुई। प्राधिकरण की तरफ से कहा गया कि नाला कुछ फीट गहरा था। 16 जनवरी 2026 : सेक्टर-150 सेक्टर में बेसमेंट के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की डूबने से मौत हो गई थी। मौके पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा इंतजाम नहीं थे। 8 अप्रैल 2026 : सेक्टर-94 में नोएडा हैबिटेट सेंटर निर्माण के लिए डबल बेसमेंट की खोदाई वाले स्थल को एक तरफ से खुला छोड़ा गया था। यहां निजी यूनिवर्सिटी के छात्र पिकनिक मनाने पहुंचे थे। पानी में नहाने के दौरान छात्र हर्षित भट्ट (23) की मौत हो गई थी। 17 दिसंबर 2024 : सेक्टर-73 में शौर्य बैंक्वेट हॉल से सेक्टर-71 चौराहे की तरफ जाने वाली सड़क पर 18 दिसंबर की रात बाइक सवार युवक नाले में गिर गया था। रात भर नाले में घायल पड़े रहने से अभिनव झा (36) की मौत हो गई थी। 27 दिसंबर 2021 : सेक्टर-94 के सामने शहदरा नाले में कार गिरी थी। कार में मानसरोवर कॉलोनी निवासी हार्दिक (25) और उसका सेक्टर-45 आम्रपाली सोसाइटी निवासी दोस्त स्नेहिल सवार था। हादसे में हार्दिक की मौत हो गई थी। स्नेहिल गंभीर रूप से घायल हुआ था। 2 मई 2018 : सेक्टर-85-137 गोल चक्कर के पास रेडियो कंपनी की ग्रुप मैनेजर तान्या खन्ना (28) कार समेत नाले में गिरी थीं। पानी में दम घुटने से तान्या की मौत हो गई थी। यहां भी नाले के खुले थे। 

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 30, 2026, 03:09 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida: अब मामूरा के खुले नाले में गिरकर बुजुर्ग की मौत, लगातार हो रहे हैं जानलेवा हादसे लेकिन नहीं बदलते हालात #CityStates #DelhiNcr #Noida #ElderlyManDies #OpenDrain #Mamura #SubahSamachar