Sant Kabir Nagar News: घर लौटना चाह रहे लोग, उड़ानें बंद होने से टूट रही उम्मीद
सेमरियावां। ईरान व अमेरिका में चल रहे युद्ध के बीच खाड़ी देशों में रहने वाले लोग परेशान हैं। इनमें कई अपने देश आना चाहते हैं, लेकिन हवाई सेवा बंद होने से उनके लिए ऐसा करना संभव नहीं हो पा रहा है। इन देशों में रहने वाले लोगों का कहना है कि उनके परिजन परेशान हैं। वह अपनों का हाल जानने के लिए उनसे संपर्क कर रहे हैं। कतर की राजधानी दोहा में रह रहे दुधारा क्षेत्र मदारपुर गांव के महफूज अहमद ने बताया कि ईरान द्वारा कतर पर हमला किया जा रहा रहा है। बमबारी से लोग दहशत में हैं। सायरन बजते ही डर लगने लगता है। उन्होंने बताया कि वे फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन तनाव चरम पर है। इनका कहना है कि यहां से कई लोग अपने देश जाना चाहते हैं, लेकिन हवाई सेवा बंद होने से वह परेशान हैं। दुबई में रह रहे लोहरजोतिया के रोशन अली व मदारपुर गांव के अली अहमद ने बताया कि हमें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। हमले की खबर से उनके परिजन चिंतित हैं। हम सुरक्षित हैं। उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, जिसके चलते बहुत लोगों के घर जाने का प्लान अधर में लटक गया है। रोज परिजनों से फोन पर बातचीत करके हाल बताया जाता है। सऊदी अरब के अलहसा शहर में रह रहे मदारपुर के अनवारुल हक ने बताया कि हमें कोई भी दिक्कत नहीं है। सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। काम चालू है। घरवालों से फोन करके सभी हाल बताया जा रहा है। घरवालों को कोई चिंता की जरूरत नहीं है।बता दें कि क्षेत्र के करही, कोहरियावां, दुधारा, बजहरा, उसराशहीद, सेमरियावां, दरियाबाद, उंचहराकला, मूड़ाडीहाखुर्द, पैड़ी, बुढ़ाननगर, भंगुरा, सेहुड़ा, सालेहपुर, नव्वागांव, चिउटना दानोकुइयां, तिनहरीमाफी, देवरिया नासिर, रक्सा कला, मीरपुर आदि गांवों के लोग खाड़ी देशों रोजगार के लिए गए हुए हैं। परिवार के लोग अपनों के कुशल-क्षेम जानने के लिए लगातार फोन से संपर्क साध रहे हैं। फोन से बात होने पर उनके सुरक्षित स्थानों पर होने की वह जानकारी ले रहे हैं। --------महुली के अफजल ने कहा- सऊदी अरब में हम सुरक्षित महुली। कस्बा निवासी अफजल सलमानी पुत्र मालाहुद्दीन सऊदी अरब के दम्माम शहर में हैं। उन्होंने बताया कि जहां हम लोग रहते हैं, वहां युद्ध का कोई असर नहीं है। हम लोग सुरक्षित हैं। अफजल वहां एक कंपनी में काम करते हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 00:49 IST
Sant Kabir Nagar News: घर लौटना चाह रहे लोग, उड़ानें बंद होने से टूट रही उम्मीद #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
