Noida News: सेक्टर और सोसाइटियों की सुरक्षा ऑडिट करेगी पुलिस
- 5 से 7 अप्रैल तक नोएडा और ग्रेनो में अभियान चलाकर होगी जांच, कमी मिलने पर होगी कार्रवाई माई सिटी रिपोर्टर नोएडा। गौतमबुद्ध नगर पुलिस सेक्टर और सोसाइटियों की सुरक्षा व्यवस्था को परखकर ऑडिट करेगी। इसके लिए पुलिस की टीम तीनों जोन में 5 से 7 अप्रैल तक अभियान चलाएगी। इसमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटियों, सेक्टरों और अन्य संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी इंतजामों की जांच होगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान अगर किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता पाई जाने पर संबंधित एजेंसी या जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मानकों का पालन करने के निर्देश दिए जाएंगे। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि नोएडा व ग्रेनो में सैकड़ों सेक्टर और सोसाइटियां हैं। यहां की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए अभियान शुरू किया जा रहा है। जिसके तहत पुलिस टीम आरडब्ल्यूए, एओए और सिक्योरिटी एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर जांच करेगी। अभियान के दौरान पुलिस यह देखेगी कि सोसाइटियों में तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड सही से काम कर रहे हैं या नहीं। मौके पर गेट पर आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की एंट्री-एग्जिट के रजिस्टर की भी जांच की जाएगी। कई सोसाइटियों में लागू डिजिटल एंट्री सिस्टम की व्यवस्था को भी देखा जाएगा। पुलिस टीम सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्य स्थिति और फुटेज कितने समय तक सुरक्षित रखी जा रही है इसकी भी समीक्षा करेगी। खास तौर पर रात के समय सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा। यह भी देखा जाएगा कि सिक्योरिटी एजेंसियों ने रात में गश्त और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए हैं या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मकसद सोसाइटियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और किसी भी संभावित घटना को रोकना है।सिक्योरिटी गार्डों के सत्यापन की भी होगी जांच अभियान के तहत पुलिस सिक्योरिटी एजेंसी से सेक्टर-सोसाइटी में तैनात गार्डों की जानकारी और डेटा जुटाएगी। गार्डों के सत्यापन की भी जांच होगी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति नौकरी करते पाया गया तो एजेंसी सहित गार्डों पर कार्रवाई होगी। सभी थाना क्षेत्र में अभियान चलाया जाएगा। जिसकी मॉनटरिंग डीसीपी और उच्च पुलिस अधिकारी करेंगे। निवासियों को दी जाएगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पुलिस की टीम सिक्योरिटी ऑडिट के लिए सेक्टर व सोसाइटियों में जाएगी। मौके पर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। निवासियों को हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही साइबर सुरक्षा से लेकर महिला सुरक्षा के बारे में भी बताया जाएगा। किसी संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर निवासियों को अलर्ट रहने से लेकर पुलिस को सूचना देने के बारे में बताया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 04, 2026, 20:43 IST
Noida News: सेक्टर और सोसाइटियों की सुरक्षा ऑडिट करेगी पुलिस #PoliceWillConductSecurityAuditOfSectorsAndSocieties #SubahSamachar
