Una News: स्मार्ट बिजली मीटर नहीं लगवाया तो कट सकती है सप्लाई
मैहतपुर (ऊना)। एचपीएसईबीएल ने मैहतपुर विद्युत उपमंडल के अंतर्गत कुछ उपभोक्ताओं को स्मार्ट बिजली मीटर लगवाने को लेकर नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में बोर्ड की ओर से कहा गया है कि सरकार की अधिसूचना के अधिनियम 163 के तहत विद्युत अधिनियम 2003 के अंतर्गत किसी भी परिसर में दाखिल होकर विद्युत मीटर की जांच करना, विद्युत मीटर की मरम्मत, टेस्टिंग तथा आंशिक परिवर्तन करना बोर्ड का अधिकार है और उपभोक्ता उक्त अधिकार का उल्लंघन नहीं कर सकते। नोटिस में कहा गया है कि मीटर न लगवाने की स्थिति में 24 घंटे के भीतर बिना किसी नोटिस के ऐसे उपभोक्ताओं की पावर सप्लाई काटी जा सकती है। बोर्ड ने कुछ उपभोक्ताओं को नोटिस जारी करके स्मार्ट मीटर लगाने के लिए आगाह किया है। बोर्ड के सूत्रों के अनुसार मुख्य बाजार में अधिकतर कारोबारियों के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं लेकिन कुछ लोग भ्रांतियों के चलते कुछ स्मार्ट मीटर लगवाने से कन्नी काट रहे हैं। ऐसे लोगों को बोर्ड की ओर से न केवल जागरूक किया जा रहा है बल्कि स्मार्ट मीटर के लगवाने से होने वाले लाभ की जानकारी भी दी जा रही है। कुछ उपभोक्ताओं के यहां टेस्टिंग के दौरान यह बात भी सामने आई है कि स्मार्ट मीटरों में कम यूनिट खर्च हुए दिखाई दे रहे हैं और पुराने मीटरों में अधिक यूनिट खर्च हुए पाए गए हैं। मैहतपुर उद्योग संघ ने माननीय उच्च न्यायालय द्वारा स्मार्ट मीटरों को लेकर की गई टिप्पणी का हवाला देकर कहा है कि स्मार्ट मीटर को उपभोक्ताओं के यहां जबरन नहीं लगाया जा सकता। अगर कोई उपभोक्ता स्वेच्छा से लगवाना चाहे तभी बोर्ड उनके यहां स्मार्ट मीटर लगा सकता है। बोर्ड स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए उपभोक्ताओं को धमका नहीं सकता और न ही उनकी विद्युत सप्लाई काटी जा सकती है। -सीएस कपूर अध्यक्ष मैहतपुर उद्योग संघमैहतपुर के जिन चार-पांच लोगों को बोर्ड की ओर से नोटिस भेजे गए हैं वे किराये के मकान में रहते हैं तथा उन्होंने स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने की बात कही थी, जिस कारण उन्हें बोर्ड की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं। हालांकि अब उन्होंने अपने मकान मालिकों से बात करके स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए सहमति दे दी है। -कमल किशोर, एसडीओ विद्युत उपमंडल मैहतपुर
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 27, 2026, 17:34 IST
Una News: स्मार्ट बिजली मीटर नहीं लगवाया तो कट सकती है सप्लाई #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
