RMPSU: एमएससी के चौथे सेमेस्टर के पेपर में आए दूसरे विषय के प्रश्न, परीक्षा टली, अब होगी 18 मई को

राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) के एमएससी के चौथे सेमेस्टर के पेपर में दूसरे विषय के प्रश्न आने पर हंगामा हो गया। विवि प्रशासन को परीक्षा स्थगित करनी पड़ी। 7 मई को केंद्रों पर परीक्षार्थी बिना परीक्षा देकर वापस लौट गए। अब यह परीक्षा 18 मई को होगी। इस प्रकरण में पेपर सेट करने वाले शिक्षक से जवाब मांगा गया है। बृहस्पतिवार को तीसरी पाली में दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक एमएससी के चौथे सेमेस्टर के जियोलॉजी के तीसरे पेपर की परीक्षा थी। पेपर का शीर्षक इंसेक्ट सिस्टमेटिक था, जबकि पेपर में टॉक्सिकोलॉजी (विष ज्ञान) विषय के प्रश्न थे। परीक्षा शुरू होने से पहले ही स्थगित कर दी गई। परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे परीक्षार्थियों को बताया गया कि परीक्षा स्थगित कर दी गई है। इस पर परीक्षार्थियों ने हंगामा करने के साथ नाराजगी भी जताई। अब स्थगित परीक्षा 18 मई को दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इसके साथ ही बीएएलएलबी के चौथे सेमेस्टर के पांचवें और एलएलबी के दूसरे सेमेस्टर के तीसरे पेपर की परीक्षा 13 मई को सुबह 8:30 बजे से 10:30 बजे तक होनी थी। अब यह परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 12 बजे से दोपहर दो बजे तक होगी। पहली पाली में बीएड की परीक्षा है। इस संबंध में विवि के कुलसचिव धीरेंद्र कुमार ने बताया कि एमएससी के चौथे सेमेस्टर के पेपर में दूसरे विषय के प्रश्न होने की वजह से अब यह परीक्षा 18 मई को होगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 08, 2026, 13:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




RMPSU: एमएससी के चौथे सेमेस्टर के पेपर में आए दूसरे विषय के प्रश्न, परीक्षा टली, अब होगी 18 मई को #CityStates #Aligarh #Hathras #RajaMahendraPratapSinghUniversity #MscExam #RmpsuAligarh #QuestionsFromOtherSubjects #AligarhNews #HathrasNews #SubahSamachar