Una News: बारिश से राहत, कीटनाशकों के छिड़काव के जुटे किसान

ऊना। जिला में वीरवार को हुई बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के बीच हुई बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे मक्का व हरी सब्जियों की फसलों को संजीवनी मिली है। वहीं दूसरी ओर फसलों में बढ़ रहे कीट प्रकोप और खरपतवार की समस्या से परेशान किसान अब कीटनाशकों के छिड़काव में जुट गए हैं।जिला के विभिन्न क्षेत्रों में किसानों ने मक्का, टमाटर, भिंडी, लौकी, करेला व अन्य हरी सब्जियों की फसलों में कीड़ों के बढ़ते असर को देखते हुए दवाइयों का छिड़काव शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तेज गर्मी और नमी के कारण फसलों में कीट तेजी से फैल रहे थे, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई थी। इसके अलावा खेतों में खरपतवार भी तेजी से बढ़ने लगी थी, जो फसलों की बढ़वार में बाधा बन रही है।---किसान रोहित कुमार ने कहा कि वीरवार को हुई बारिश फसलों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बारिश से जहां खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है, वहीं तापमान में गिरावट आने से फसलों को भी राहत मिली है। किसानों का कहना है कि समय पर बारिश होने से मक्का की फसल की बढ़वार बेहतर होगी और सब्जियों में भी ताजगी बनी रहेगी। बारिश के बाद खेतों में खरपतवार तेजी से बढ़ती है, इसलिए समय रहते निराई-गुड़ाई और दवाइयों का छिड़काव किया जा रहा है। साथ ही फसलों में कीट प्रबंधन को लेकर भी सतर्क रहने की आवश्यकता है।----उपनिदेशक जिला कृषि विभाग डॉ. प्रेम ठाकुर ने बताया कि जिला के कई ग्रामीण क्षेत्रों में मक्का और हरी सब्जियां तैयार की जा रही हैं। बारिश के बाद फसल के लिहाज से मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहने पर इस बार मक्का और सब्जियों की पैदावार बेहतर हो सकती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 12, 2026, 23:58 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: बारिश से राहत, कीटनाशकों के छिड़काव के जुटे किसान #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar