Rajasthan Weather: क्या राजस्थान में होने वाली है मानसून की एंट्री? जानिए भारी बारिश को लेकर IMD का ताजा अलर्ट
राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 13 जून को राज्य के 23 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले कुछ दिनों तक पूर्वी और उत्तरी राजस्थान में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। सबसे ज्यादा असर सीकर में देखने को मिला, जहां शुक्रवार रात करीब सवा घंटे तक हुई तेज बारिश से शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया। राधाकिशनपुरा अंडरपास में करीब 8 फीट तक पानी भर जाने से इलाके का शहर से सीधा संपर्क टूट गया। बजाज रोड, लोहारू बस स्टैंड और कई रिहायशी इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया। रोडवेज बस डिपो भी जलमग्न हो गया। उधर, श्रीगंगानगर में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कई स्थानों पर ओले गिरे। चूरू जिले के सरदारशहर में भी जोरदार ओलावृष्टि दर्ज की गई। हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू के कई इलाकों में शाम के समय बादल छाने और बारिश होने से तापमान में गिरावट आई। यह भी पढें-पत्नी और बेटे ने रची हत्या की साजिश:पहले लाठियों से पीटा, फिर रस्सी से घोंट दिया गला; 24 घंटे में खुल गया राज राजधानी जयपुर में देर रात मौसम बदला और तेज हवाएं चलीं। दिनभर उमस और गर्मी से परेशान लोगों को रात में राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर में आने वाले दिनों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी मौसम का असर देखने को मिला। अलवर में शाम को धूलभरी आंधी के बाद बारिश हुई। सवाई माधोपुर, बूंदी और बारां में भी छिटपुट बारिश दर्ज की गई। वहीं उदयपुर और अजमेर में तापमान में मामूली गिरावट आई, लेकिन उमस बनी रही। हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। शुक्रवार को जैसलमेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फलोदी में 43.8 डिग्री, फतेहपुर में 43 डिग्री, बाड़मेर में 42.7 डिग्री, बीकानेर में 42.4 डिग्री और चूरू में 42.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी मिलने के कारण अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 13, 2026, 07:22 IST
Rajasthan Weather: क्या राजस्थान में होने वाली है मानसून की एंट्री? जानिए भारी बारिश को लेकर IMD का ताजा अलर्ट #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanWeather #RajasthanRainUpdate #RajasthanWeatherAlert #SikarRain #SikarWaterlogging #JaipurWeather #RajasthanThunderstorm #SubahSamachar
