नोएडा में बढ़ी खरबूजे की मांग: हर माह करीब 65 लाख का कारोबार, अब आम की बारी, मई में होती है ज्यादा पैदावार
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में फलों की मांग तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर खरबूजा इन दिनों लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। नवीन फल सब्जी मंडी से मिली जानकारी के अनुसार, नोएडा में हर माह करीब 1500 कुंतल खरबूजे की खरीद-फरोख्त हो रही है, जिससे लगभग 60 से 65 लाख रुपये का कारोबार हो रहा है। फेज-2 स्थित नवीन फल एवं सब्जी मंडी समिति का कहना है कि फरवरी से ही खरबूजे की आवक बढ़नी शुरू हो गई थी, जो अब अप्रैल तक लगातार बढ़ी है। कीमत और मिठास के कारण शहरवासी बड़ी मात्रा में खरबूजा खरीद रहे हैं। मंडी में रोजाना बड़ी संख्या में ट्रकों के जरिए इसकी आपूर्ति हो रही है, जिससे बाजार में स्थिरता बनी हुई है। अब बाजार में आम की एंट्री भी शुरू हो गई है। फिलहाल बीते दो हफ्तों में करीब 500 कुंतल आम की आवक दर्ज की गई है। हालांकि, अभी शुरुआती दौर होने के कारण आम की बिक्री सीमित है, लेकिन व्यापारियों को उम्मीद है कि मई महीने में आम की खरीद-फरोख्त में करीब 50 फीसदी तक बढ़ोतरी होगी। जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, वैसे-वैसे आम की मांग भी तेजी से बढ़ेगी। मंडी के व्यापारियों के अनुसार, इस समय फलों के कारोबार में लगातार उछाल देखा जा रहा है और आने वाले दिनों में यह और बढ़ेगा। व्यापारियों के अनुसार, शहरभर में जगह जगह पर जूस कॉर्नर खुले हैं, जहां पर बड़ी मात्रा में जूस तैयार किए जाते हैं। इन दिनों रेहड़ी पटरी से लेकर सब्जी मंडी में आम भी तेजी से बढ़ रहे हैं। व्यापारी अनुज ने बताया कि शुरूआती गर्मी में आम की प्रजाति सफेदा आम सबसे ज्यादा पंसद किया जाता है। खास वजह इनसे निकलने वाला ज्यादा रस और लजीज मिठास है। फिलहाल मंडी में यह 180-200 रुपये प्रतिकिलो के हिसाब से बेचे जा रहे हैं। गर्मी में तरबूज और मौसमी की भी बढ़ी मांग गर्मियों के चलते खरबूजे के साथ-साथ तरबूज और मौसमी की बिक्री में भी तेजी आई है। मार्च महीने में करीब एक करोड़ दो लाख 84 हजार रुपये के 3212 कुंतल तरबूज की आवक हुई थी। जबकि मार्च में 2505 कुंतल मौसमी की आवक हुई थी। जूस कॉर्नर और घरों के पास से गुजरने वाले जूस विक्रेता गर्मियों में सबसे ज्यादा मौसमी का जूस ही बेचते हैं। डॉयटीशियन अनुष्का के अनुसार, मौसमी का जूस पीने से शरीर को ठंडक, ऊर्जा और विटामिन सी मिलता है, जिससे शरीर हाइड्रेट रहता है। गर्मी के साथ-साथ और बढ़ेगी आवक मंडी समिति के अधिकारियों ने बताया कि जैसे जैसे गर्मी बढ़ेगी, संतरा, मौसमी, अंगूर और आम की आवक बढ़ेगी। इनकी बाजार में मांग भी बढ़ जाती है। इसका प्रमुख कारण इनसे मिलने वाला विटामिन सी और हाइड्रेशन में सबसे ज्यादा उपयोग है। मई की अनुमानित आवक फल -कुंतल खरबूजा-1500 आम-2500 मुसम्मी-2200 अंगूर-2500 संतरा-1000 मंडी में रसीले फलों, खरबूजे की मांग बढ़ी है, गर्मियों में इनकी मांग सबसे ज्यादा रहती है, अब मई महीने में आम की आवक सबसे ज्यादा होगी-पंकज शर्मा, सचिव, मंडी समिति, फेज-2, गौतमबुद्ध नगर
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 07, 2026, 12:13 IST
नोएडा में बढ़ी खरबूजे की मांग: हर माह करीब 65 लाख का कारोबार, अब आम की बारी, मई में होती है ज्यादा पैदावार #CityStates #Noida #NoidaNews #NoidaTodayNews #NoidaNewsToday #SubahSamachar
