Bareilly News: त्योहारी सीजन में 12 दिन अतिरिक्त बसें चलाएगा रोडवेज

छह से 17 नवंबर तक लागू रहेगी विशेष व्यवस्था, सभी बसों को ऑन रोड रखने की तैयारीबरेली। दीपावली और छठ पर्व के मद्देनजर परिवहन निगम ने छह से 17 नवंबर तक बस संचालन की विशेष योजना तैयार की है। इसके तहत परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, पीलीभीत और बदायूं डिपो की सभी बसें संचालित जाएंगी। दिल्ली, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी और उनके फेरे बढ़ाए जाएंगे। लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। परिवहन निगम की ओर से त्योहारों के दौरान शत-प्रतिशत बसों को ऑन रोड रखने के निर्देश दिए गए हैं। बसों की पहले से सर्विसिंग और मरम्मत कराई जाएगी, ताकि रास्ते में खराब न हों। डिपो में अतिरिक्त स्पेयर पार्ट्स, टायर और स्टेपनी की व्यवस्था भी रहेगी। बसों में ईटीएम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ डीजल और टिकटों का पर्याप्त इंतजाम किया जाएगा। इन 12 दिनों में लगातार ड्यूटी करने और रोज औसतन 300 किलोमीटर बस चलाने वाले चालकों-परिचालकों को 4800 रुपये मिलेंगे। 11 दिन ड्यूटी करने पर 4400 रुपये दिए जाएंगे। संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी योजना में शामिल किया गया है। कार्यशाला और डिपो के पात्र कर्मचारियों को 2100 से 2500 रुपये तक प्रोत्साहन राशि मिलेगी। क्षेत्रीय प्रबंधक मो. अजीम के अनुसार, दीपावली से पहले दिल्ली और अन्य महानगरों से यात्रियों का दबाव बढ़ेगा, जबकि त्योहार के बाद वापसी और छठ पर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहेगी। इसी को ध्यान में रखकर चारों डिपो को बसों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी, ताकि किसी को परेशानी न हो। चालकों को पर्याप्त आराम देने और सुरक्षित बस संचालन पर भी विशेष जोर रहेगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 01, 2026, 03:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bareilly News: त्योहारी सीजन में 12 दिन अतिरिक्त बसें चलाएगा रोडवेज #RoadwaysWillOperateAdditionalBusesFor12DaysDuringTheFestiveSeason. #SubahSamachar