Gorakhpur News: जमीन का बैनामा कराकर 1.63 करोड़ रुपये हड़पे, प्राथमिकी
गोरखपुर। गुलरिहा क्षेत्र के जैनपुर में 26.55 डिसमिल जमीन का बैनामा कराने के बाद 1.63 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगा है। पीड़ित का आरोप है कि रकम मांगने पर आरोपी ने हत्या कराने की धमकी दी। एडीजी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जंगल जैनुल आबदीन उर्फ जैनपुर टोला ठाकुरपुर निवासी अयोध्या के मुताबिक, उन्होंने करमहा बुजुर्ग टोला कोइरी निवासी रवींद्र प्रताप निषाद से अपनी 26.55 डिसमिल जमीन बेचने का सौदा किया था। इसकी कीमत 2.50 लाख रुपये प्रति डिसमिल तय हुई थी। आरोपी ने भरोसा दिया था कि बैनामे के दिन पूरी रकम उनके बैंक खाते में भेज देगा।आरोप है कि 14 जुलाई 2025 को रवींद्र प्रताप उन्हें कचहरी ले गया और खाते में पूरी रकम भेजने की बात कहकर जमीन का बैनामा अपने नाम करा लिया। बाद में खाता चेक करने पर कोई भुगतान नहीं मिला। रुपये मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा और हत्या कराने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने एडीजी से शिकायत की। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि, एडीजी के आदेश पर गुलरिहा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 02:57 IST
Gorakhpur News: जमीन का बैनामा कराकर 1.63 करोड़ रुपये हड़पे, प्राथमिकी #Rs1.63CroreSwindledThroughLandSaleDeed;FIRRegistered #SubahSamachar
