जी-20: जयशंकर ने सुरक्षित सप्लाई चेन को बताया वैश्विक अर्थव्यवस्था की जरूरत, व्यापार विकल्प बढ़ाने पर दिया जोर

दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जारी संघर्ष, बदलते व्यापारिक समीकरण और प्राकृतिक आपदाएं वैश्विक सप्लाई चेन के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर रही हैं। ऐसे में देशों के बीच व्यापार और उत्पादन की व्यवस्था को सुरक्षित रखना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए अहम हो गया है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी इसी जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि सुरक्षित सप्लाई चेन और उसकी मजबूती वैश्विक अर्थव्यवस्था की खुशहाली के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महामारी, युद्ध, जलवायु संबंधी घटनाओं और अन्य अप्रत्याशित परिस्थितियों से सप्लाई चेन प्रभावित हो सकती है। ऐसे में इसे मजबूत बनाने के लिए उत्पादन और व्यापार के विकल्पों में विविधता लानी होगी। क्या बोलेविदेश मंत्री एसजयशंकर जयशंकर ने शनिवार को अटलांटा में आयोजित जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बैठक में उठाए गए प्रमुख मुद्दों को साझा किया। उन्होंने कहा कि सप्लाई चेन की मजबूती के लिए जोखिम कम करना और कनेक्टिविटी के विकल्पों का विस्तार करना जरूरी है। विदेश मंत्री ने कहा कि सभी देशों को औद्योगीकरण का अधिकार मिलना चाहिए। इसके साथ ही बाजार में अनुचित प्रतिस्पर्धा और दूसरे देशों को नुकसान पहुंचाने वाली व्यापारिक गतिविधियों का मजबूती से विरोध किया जाना चाहिए। उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था में उत्पादन को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटने पर भी जोर दिया। इससे किसी एक देश या क्षेत्र पर निर्भरता कम होगी और वित्त, संसाधनों, उत्पादन तथा बाजार हिस्सेदारी का इस्तेमाल दबाव बनाने के लिए करना मुश्किल होगा। ये भी पढ़ें:क्वाड: जयशंकर-रुबियो समेत चार देशों के विदेश मंत्री हुए शामिल, हिंद-प्रशांत में सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा जयशंकर ने कहा कि जी-20 देशों को बाजारों को राजनीति से अलग रखने की दिशा में काम करना चाहिए। सभी देशों को अपने राष्ट्रीय हितों और सामूहिक वैश्विक हितों के बीच संतुलन बनाना होगा। इसके लिए पारदर्शी और कई विकल्पों वाली सप्लाई चेन को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि वैश्विक अर्थव्यवस्था में सभी पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों की सुरक्षा पर जोर दो दिवसीय जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के समापन पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी सुरक्षित सप्लाई चेन को आर्थिक विकास के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने अपने साझेदार देशों के सामने यह बात स्पष्ट की है कि आर्थिक वृद्धि के लिए आपूर्ति व्यवस्था का सुरक्षित होना आवश्यक है। रुबियो ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक रास्ते सुरक्षित और खुले रहने चाहिए। इसके साथ ही भविष्य की जरूरतों को देखते हुए महत्वपूर्ण खनिजों की सप्लाई चेन को मजबूत और विस्तारित करना होगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 01, 2026, 03:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




जी-20: जयशंकर ने सुरक्षित सप्लाई चेन को बताया वैश्विक अर्थव्यवस्था की जरूरत, व्यापार विकल्प बढ़ाने पर दिया जोर #World #International #SJaishankar #GlobalSupplyChains #SecureSupplyChains #G20ForeignMinistersMeeting #GlobalEconomy #InternationalTrade #MarcoRubio #StraitOfHormuz #BabEl-mandebStrait #SubahSamachar