सावन: आधार कार्ड दिखाकर विश्वनाथ गली में आ-जा सकेंगे व्यापारी, भीड़ कम होने पर खुलेगा मुख्य द्वार का मार्ग
वाराणसी में सावन माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सोमवार को विश्वनाथ गली व्यवस्थापिक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों और पुलिस की ओर से तय हुआ कि स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी आधार कार्ड दिखाकर गलियों में आवागमन कर सकेंगे। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह और चौकी प्रभारी के साथ क्षेत्र की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने कहा कि सावन के दौरान भीड़ के कारण व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की कि जब भी भीड़ कम हो, मुख्य द्वार का मार्ग खोल दिया जाए, ताकि स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी आसानी से आवागमन कर सकें। इस पर थाना प्रभारी ने कहा कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हालांकि, भीड़ कम होने पर मार्ग खोला जाएगा। व्यापारियों ने विश्वनाथ गली में दलाल के रूप में सक्रिय बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की। बैठक में समिति के अध्यक्ष विनीत कुमार मिश्र, महामंत्री अजय तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन गिरी, संत लाल दूबे, कोषाध्यक्ष रतन सिंह सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, क्षेत्रीय निवासी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 28, 2026, 00:20 IST
सावन: आधार कार्ड दिखाकर विश्वनाथ गली में आ-जा सकेंगे व्यापारी, भीड़ कम होने पर खुलेगा मुख्य द्वार का मार्ग #CityStates #Varanasi #Sawan #Sawan2026 #VaranasiNews #SubahSamachar
