Bareilly News: समूह के नाम पर सात लोगों से 22 लाख की ठगी
बरेली। किला थाना क्षेत्र में समूह संचालन व कारोबार के नाम पर सात लोगों से करीब 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने उधार ली गई रकम वापस नहीं की और मांगने पर पीड़ितों को धमकाया। शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज हुई है।बाजार संदल खां निवासी मोहम्मद कासिफ सहित सात पीड़ितों ने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत की थी कि वे छोटा-मोटा मोटर कारोबार करते हैं। उनकी पहचान दूल्हा वाली मस्जिद जखीरा निवासी अली रजा, अमन, निहाल, गुलाम रजा, मोहम्मद रजा और उवैश से थी। आरोप है कि इन लोगों ने अलग-अलग समय पर कारोबार और समूह के नाम पर सलमान खान से छह लाख, जावेद हुसैन से पांच लाख और नईम अहमद से तीन लाख रुपये लिए। कासिफ से चार लाख, जीशान से तीन लाख 30 हजार और रईस मियां से डेढ़ लाख रुपये हड़पे। इस तरह कुल 22 लाख 80 हजार रुपये की ठगी की गई। उमेश ओबराय से अली रजा ने दो लाख रुपये उधार मांगे थे लेकिन यह रकम नहीं दी गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 03:01 IST
Bareilly News: समूह के नाम पर सात लोगों से 22 लाख की ठगी #SevenPeopleSwindledOutOf22LakhInTheNameOfAGroup #SubahSamachar
