Sitapur: फांसी के फंदे से लटका मिला कक्षा आठ के छात्र का शव, आत्महत्या की संभावना
सीतापुर जिले के मछरेहटा इलाके में रविवार को घर से बकरी चराने निकला एक बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान अवधेश (12) पुत्र पप्पू राजवंशी निवासी ग्राम बीरमपुर, ग्राम पंचायत आदिलपुर थाना मछरेहटा के रूप में हुई है। मृतक की मां कांति ने बताया कि बेटा रविवार को सुबह करीब 11 बजे घर से बकरी चराने के लिए निकला था लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। दोपहर करीब एक बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि गांव के उत्तर दिशा में स्थित सुधीर सिंह की बाग में एक बालक का शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका हुआ है। मौके पर फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अवधेश बीहट बीरम के जूनियर हाईस्कूल में कक्षा 8 का छात्र था। थानाध्यक्ष प्रभात गुप्ता ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 17:02 IST
Sitapur: फांसी के फंदे से लटका मिला कक्षा आठ के छात्र का शव, आत्महत्या की संभावना #CityStates #Lucknow #Sitapur #SitapurNews #UpNews #SubahSamachar
