Sant Kabir Nagar News: दुधारा में फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव
सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के बाघनगर चौकी अंतर्गत सिसई माफी गांव में एक अधेड़ का शव घर में रस्सी के फंदे से लटका मिला। मौत की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिसई माफी में बुधवार शाम करीब 5:00 बजे अधेड़ के घर का दरवाजा बंद होने के कारण ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस चौकी पर इसकी सूचना दी। इसके बाद पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाया तो देखा कि गुलाम हुसैन (50) पुत्र साहब अली का शव रस्सी के सहारे झूल रहा है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नीचे उतरवाया। गुलाम की पत्नी व परिवार के अन्य सदस्य मुंबई में रहते हैं। सूचना मिलने पर घर के लिए चल दिए हैं। वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि गुलाम की दिमागी स्थिति ठीक नहीं थी। बाघनगर चौकी प्रभारी सचिंद्रनाथ राय ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। ----------------मुंबई से घर के लिए रवाना हुए परिजन सिसईमाफी के गुलाम हुसैन पहले परिवार के साथ मुंबई में रहकर जूता-चप्पल का कारखाना चलाते थे। कोरोना में लाॅकडाउन के बाद गुलाम हुसैन का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद पत्नी व बच्चों को मुंबई छोड़कर गुलाम हुसैन गांव चले आए। यहीं अकेले रहकर खाना बनाते थे। कभी-कभी जूता-चप्पल लेकर गांवों में फेरी करते थे। दिमागी स्थिति ठीक नहीं होने पर अनाप-शनाप बोलते रहते थे। गांव वालों के मुताबिक कभी-कभार मुंबई भी आते-जाते थे। सात माह पहले मुंबई से वापस घर आए थे। गुलाम हुसैन की पत्नी शाहजहां मौत की सूचना मिलने पर घर के लिए रवाना हो गई हैं। गुलाम के दो पुत्र समीर 20 व शमी 15 साल और तीन लड़कियां हसीबा खातून, जमीला खातून, शकीला खातून हैं। हसीबा खातून की शादी हो चुकी है। मुंबई से पति के घर चले आने से पत्नी शाहजहां ही कारखाना की देखभाल करने लगीं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 00:41 IST
Sant Kabir Nagar News: दुधारा में फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
