Mandi News: ईटीएम से स्कैन होगा पास, तभी मिलेगी विद्यार्थियों को जीरो टिकट

मंडी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए बस पास की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब कागजी पास के स्थान पर विद्यार्थियों को एटीएम कार्ड की तर्ज पर डिजिटल बस पास जारी किए जा रहे हैं। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य बस पास के दुरुपयोग को रोकना और टिकटिंग प्रणाली में पारदर्शिता लाना है।नई व्यवस्था के तहत बस परिचालक को दी गई इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) से छात्र का कार्ड स्कैन करना अनिवार्य होगा। स्कैनिंग के बाद ही मशीन से जीरो बैलेंस का टिकट निकलेगा। खास बात यह है कि यह पास केवल कॉलेज आने और जाने के समय ही मान्य होगा। एक बार स्कैन होने के बाद इसे दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा, जिससे एक ही पास पर बार-बार सफर करने की संभावना खत्म हो जाएगी। यदि कोई विद्यार्थी निर्धारित समय के अलावा सफर करता है तो उसे सामान्य सवारी की तरह भुगतान कर टिकट लेना होगा। इस डिजिटल सिस्टम से फर्जी पास बनाने और बिना टिकट सफर करने जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगेगी। निगम का मानना है कि इससे न केवल व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि राजस्व के नुकसान को भी कम किया जा सकेगा।रियायती दरों पर बनने वाले सभी बस पास और कार्ड अब डिजिटल बनाए जा रहे हैं। परिचालक ईटीएम मशीन से कार्ड स्कैन कर हर यात्री को टिकट जारी करेगा। इससे पास के नाजायज इस्तेमाल पर रोक लगेगी। -पीयूष शर्मा, क्षेत्रीय प्रबंधक, एचआरटीसी डिपो मंडी

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 06, 2026, 19:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Mandi News: ईटीएम से स्कैन होगा पास, तभी मिलेगी विद्यार्थियों को जीरो टिकट #MandiNews #TodayMandiNews #MandiHindiNews #SubahSamachar