Rohtak News: नाटक से दिखाई मुंबई में बुद्धिजीवी को असुरक्षित महसूस करने की दास्तां
संवाद न्यूज एजेंसी रोहतक। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) में बुधवार को नाटक बियोंड द इमेजिनेशन के तीन दिवसीय मंचन का दूसरा दिन रहा। छात्रों ने मुंबई में भीड़ के बीच रहते हुए बुद्धिजीवी व्यक्ति के स्वयं को अकेला और असुरक्षित महसूस करने की दास्तान को रेखांकित किया। बियोंड द इमेजिनेशन के वीरवार को होने वाले दो शो के साथ इसका समापन किया जाएगा। मंगलवार शाम के शो के दौरान हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने बतौर अतिथि शिरकत की और बुधवार को हरियाणा कला परिषद के अतिरिक्त निदेशक बिंदर दनोदा व गगन हरियाणवी ने बतौर अतिथि छात्रों की हौसला अफजाई की। वीरवार को नाटक के दो शो दोपहर 3.30 बजे व शाम 6.30 बजे होंगे। इनमें थियेटर, नाटक व कला प्रेमियों के लिए एंट्री निशुल्क रहेगी। नाटक का निर्देशन एनएसडी से स्नातक सुशील कांत ने किया तो प्रोडक्शन डिजाइन की जिम्मेदारी बिपिन गोबाले ने संभाली। नाटक के मंचन के दौरान सुपवा के कुलपति डॉ. अमित आर्य, डॉ. अजय कौशिक, महेश टीपी, विनय कुमार व डॉ. शैली खन्ना आदि भी मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 10, 2026, 19:14 IST
Rohtak News: नाटक से दिखाई मुंबई में बुद्धिजीवी को असुरक्षित महसूस करने की दास्तां #ThePlayDepictsTheInsecurityOfIntellectualsInMumbai. #SubahSamachar
