Bareilly News: चौकीदार को पीटा, बेहोश होने पर रेलवे ट्रैक पर लिटाया
फतेहगंज पश्चिमी। हाईवे पर रुकुमपुर के क्षेत्र में निर्माणाधीन पेट्रोल पंप पर चोरी करने से रोकने पर चौकीदार को पीटा गया। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, ठेकेदार और उसके साथियों ने चौकीदार को जान से मारने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर लेटा दिया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने ट्रेन आने से दो मिनट पहले ही चौकीदार को हटाकर उनकी जान बचाई।राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंखा पुल से आगे रुकुमपुर के क्षेत्र में पेट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है। गांव रुकुमपुर निवासी शहरुद्दीन वहां चौकीदारी करते हैं। शहरुद्दीन के भांजे अजीम ने बताया कि मामा शहरुद्दीन ने निर्माण कर रहे ठेकेदार को पेट्रोल चोरी करने से रोका था। आरोप है कि ठेकेदार ने शनिवार देर रात में साथियों के साथ मौके पर जाकर चौकीदार को दौड़ाया। उनको पीटकर घायल कर दिया। शहरुद्दीन बेसुध हो गए। जान से मारने की नीयत से उनको रेलवे ट्रैक पर लिटा दिया। दौड़ने के दौरान चौकीदार ने परिजनों को कॉल करके जान के खतरे की सूचना दे दी थी। कुछ देर में परिजन पेट्रोल पंप पर पहुंचे। तलाशने के दौरान चौकीदार को 50 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर लेटा पाया। परिजनों ने आनन-फानन में चौकीदार को वहां से हटाया। दो मिनट बाद उसकी ट्रैक से ट्रेन गुजरी। सूचना पर मौके पर गई 112 पुलिस ने घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चौकीदार की तबीयत में सुधार होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों ने मांस-मदिरा का सेवन किया था। मामला मारपीट का है। रेलवे ट्रैक पर लिटाने की बात गलत है। पीआरवी मौके पर गई थी। उन्होंने ऐसा कुछ नहीं बताया है। तहरीर मिलने पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जरूरी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 27, 2026, 06:02 IST
Bareilly News: चौकीदार को पीटा, बेहोश होने पर रेलवे ट्रैक पर लिटाया #TheWatchmanWasBeatenAndLaidUnconsciousOnTheRailwayTrack. #SubahSamachar
