Gorakhpur News: बारिश के बीच बिजली केबल में लगी आग, एक हजार घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली गुल
- व्यापारियों को दिनभर हुई परेशानी, वैकल्पिक व्यवस्था से अधिकतर क्षेत्रों में बहाल हुई आपूर्ति गोरखपुर। बारिश के बीच शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे विजय चौक के पास बिजली के केबल में अचानक आग लग गई। केबल से उठती लपटों और धुएं से आसपास अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन इस फाल्ट से करीब एक हजार घरों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। बारिश के कारण केबल की मरम्मत में भी बाधा आई। फाल्ट के बाद संबंधित ट्रांसफार्मर बंद करने पड़े। बिजली निगम की टीम ने वैकल्पिक व्यवस्था और बाईपास के जरिए आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया। करीब दो घंटे बाद अधिकांश क्षेत्रों में बिजली लौट आई, लेकिन विजय चौक और गांधी गली के दो ट्रांसफार्मर से जुड़े करीब 250 घरों और प्रतिष्ठानों में रात आठ बजे तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। व्यापारी राजेश सोनकर ने बताया कि बिजली गुल रहने से कारोबार प्रभावित हुआ और पूरे दिन काफी परेशानी झेलनी पड़ी। समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन जायसवाल ने कहा कि विजय चौक के व्यापारियों को भी फाल्ट के कारण दिनभर दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने से दुकानों का कामकाज प्रभावित रहा। इसके साथ ही पादरी बाजार, रुस्तमपुर और तारामंडल में भी छोटे-छोटे फाल्ट से बिजली प्रभावित रही।टाउनहाल के अधिशासी अभियंता पंकज कुमार ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था से अधिकांश फीडर चालू कर दिए गए हैं। दो ट्रांसफार्मर बंद हैं। आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 31, 2026, 02:58 IST
Gorakhpur News: बारिश के बीच बिजली केबल में लगी आग, एक हजार घरों और प्रतिष्ठानों की बिजली गुल #TradersFacedDifficultiesThroughoutTheDay;SupplyWasRestoredInMostAreasThroughAlternativeArrangements. #SubahSamachar
