Aligarh News: खरीदारों की भीड़ में गुम हो गई ट्रैफिक व्यवस्था
दिवाली की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ रही भीड़ के बीच शहर की यातायात व्यवस्था लड़खड़ाने लगी है। प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की बढ़ती संख्या के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है, लेकिन पार्किंग के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। नतीजतन, खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे लोगों को जाम से जूझना पड़ रहा है। कई जगह सड़क किनारे खड़े वाहन आवागमन में बाधा बन रहे हैं।शहर के रामघाट रोड, रेलवे रोड, महावीरगंज, बारहद्वारी, मामू भांजा, फूल चौराहा और सेंटर पाइंट जैसे प्रमुख बाजारों में इन दिनों दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बढ़ गई है। पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होने से लोग सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे सड़कों की चौड़ाई कम हो जाती है और जाम की स्थिति बन रही है। बाजारों में आने वाले खरीदारों के साथ स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।सड़क किनारे पार्किंग से थम रहे वाहनों के पहियेबाजारों के आसपास बेतरतीब खड़े वाहनों से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जाम में कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के वाहन भी फंस जाते हैं। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों की मुश्किलें बढ़ जाती हैं। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले बाजारों में अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती होनी चाहिए। सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों पर कार्रवाई के साथ पार्किंग की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।नो एंट्री और वन-वे लागू करने की तैयारीएसपी ट्रैफिक प्रवीण यादव ने बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। त्योहारों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख बाजारों में नो एंट्री और वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने की तैयारी है, ताकि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 02, 2026, 02:57 IST
Aligarh News: खरीदारों की भीड़ में गुम हो गई ट्रैफिक व्यवस्था #AligarhNews #TrafficSystem #SubahSamachar
