Mandi News: ट्रक ने उखाड़े बिजली के पोल, मंडी शहर में बत्ती गुल

ट्रक ने उखाड़े बिजली के पोल, मंडी शहर में बत्ती गुलएचटी-एलटी लाइनें क्षतिग्रस्त, संचार सेवाएं भी प्रभावितविद्युत बोर्ड को करीब 10 लाख रुपये का नुकसानसंवाद न्यूज एजेंसीमंडी। शहर में भारी मशीनरी से लदे एक ट्रक ने गांधी चौक से जेल रोड तक बिजली के पोल और तारों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे विद्युत आपूर्ति और संचार सेवाएं प्रभावित हो गईं। घटना में विद्युत बोर्ड को आठ से 10 लाख रुपये तक का अनुमानित नुकसान हुआ है। बुधवार को भीषण गर्मी के बीच कई क्षेत्रों में दिनभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली बोर्ड प्रबंधन ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई है।मंगलवार देर रात करीब तीन बजे गांधी चौक के समीप सेरी बाजार क्षेत्र से गुजरते समय ट्रक बिजली के तारों की चपेट में आ गया। इसके बाद चालक तारों को तोड़ता और खींचता हुआ आगे बढ़ गया। इस दौरान एचटी और एलटी लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। शार्ट सर्किट होने से सेरी बाजार के पास एक बिजली के खंभे में आग भी भड़क उठी। धमाके की आवाज सुनकर सिटी चौकी के पुलिस जवान बाहर आए और तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, जिससे सेरी बाजार क्षेत्र की करीब 15 दुकानें जलने से बच गईं। ट्रक गांधी चौक से आगे बढ़ते हुए जेल रोड तक पहुंचा, जहां दो बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गए। एक मकान की बालकनी में लगा पिलर भी इसकी चपेट में आ गया। घटना के कारण शहर में इंटरनेट और अन्य संचार सेवाएं भी प्रभावित रहीं। घटना के बाद विद्युत बोर्ड के कर्मचारी बुधवार तड़के चार बजे से मरम्मत कार्य में जुट गए। कुछ क्षेत्रों में सुबह छह बजे तक आपूर्ति बहाल कर दी गई, लेकिन गांधी चौक, स्कूल बाजार, स्कोढ़ी चौक और जेल रोड क्षेत्रों में शाम चार बजे तक भी बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से कारोबार प्रभावित हुआ और भीषण गर्मी में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने कहा कि क्षतिग्रस्त लाइनों को मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 10, 2026, 17:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Mandi News: ट्रक ने उखाड़े बिजली के पोल, मंडी शहर में बत्ती गुल #TruckUprootsElectricityPole #PowerOutageInMandiTown #SubahSamachar